चित्रकूट। देवांगना एयरपोर्ट का रविवार को शुभारंभ तो हो गया, लेकिन यहां से उड़ान दो दिन बाद यानी 12 मार्च से शुरू होगी। एयरपोर्ट से पहला एयरक्राफ्ट लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा।
डीएम अभिषेक आनंद ने बताया कि 12 मार्च को एयरक्राफ्ट लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर उड़ेगा, जो देवांगना एयरपोर्ट पर 11 बजकर 30 मिनट पर उतरेगा। यही एयरक्राफ्ट दोपहर 12 बजे उड़ान भरेगा और एक बजे लखनऊ उतरेगा। एयरपोर्ट 278 एकड़ भूमि पर बना है। टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 1542 वर्ग मीटर, व्यस्ततम समय से सेवा क्षमता 100 यात्री, वार्षिक क्षमता एक लाख यात्री है। एयरपोर्ट पर चार चेक कांउटर, कंव्येयर बेल्ट एक, दो एक्सबीआई एस मशीन, दो पार्किंग सहित सुविधाएं रहेंगी।
सप्ताह में दो दिन उड़ान
एयरपोर्ट अथार्टी ऑफ इंडिया के चित्रकूट एयरपोर्ट के निदेशक विनय गंगेले ने बताया कि शुरुआत में यहां से उड़ानें साप्ताहिक होंगी। मंगलवार और शुक्रवार को चित्रकूट से लखनऊ और लखनऊ से चित्रकूट के लिए 19 सीटर एयरक्राफ्ट उड़ान भरेगा।
एयरपोर्ट का कामकाज एयरविग कंपनी को मिला है। जिला प्रभारी कपिल खरे ने बताया कि टिकट कोई भी ऑनलाइन ले सकता है। लखनऊ व चित्रकूट का एक तरफ का किराया दो से ढाई हजार रुपये तक रहेगा। टिकट के लिए एयरपोर्ट पर काउंटर भी खुला है। ऑनलाइन टिकट लेने पर यात्री को कुछ छूट भी मिलेगी। सीट उपलब्धता पर भी टिकट का मूल्य निर्धारित होगा।