बांदा। सीडीओ को नरैनी के विकास खंड तेरा ब में बुंदेलखंड पैकेज से निर्माणाधीन बहुउद्देशीय आजीविका सरोवर में खासी खामियां मिली। ग्रामीणों ने तालाब मानक के अनुरूप न कराए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। तालाब के चारों ओर सही तरीके से मिट्टी नहीं डाली गई। कही कम तो कही ज्यादा मिट्टी थी। आउटलेट ठीक ढंग से नहीं बनाया गया। तकनीकी मापदंडों का ध्यान नहीं रखा गया। दरेशी ठीक ढंग से नहीं कराई गई।
सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य ने बताया कि आजीविका सरोवर शासन की महत्वपूर्ण योजना है। ग्राम तेरा ब में सात लाख की लागत से तालाब की खुदाई कराई जा रही है। ताकि भू-गर्भ जल स्तर सुधार हो। ग्रामीण सिंचाई अथवा मत्स्य पालन कर रोजगार प्राप्त कर सके, लेकिन तालाब खुदाई में मानकों का पालन नहीं किया गया। तालाब से खोदी गई मिट्टी बेतरतीब डाल दी गई है। कहीं कम तो कहीं ज्यादा मिट्टी थी। आउटलेट ठीक ढंग से नहीं बनाया गया। तकनीकी मापदंडों का ध्यान नहीं रखा गया। दरेशी ठीक ढंग से नहीं कराई गई। सीडीओ ने भूमि संरक्षण जलागम को निर्देश दिए कि वह बरसात के पहले तालाब के निर्माण का काम पूरा कराएं। तालाब के चारों ओर मिट्टी को सही तरीके से डाला जाए। आउटलेट की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए। एक सप्ताह के अंदर कमियों को ठीक कराकर फोटोग्राफ सहित सूचना उन्हें उपलब्ध कराएं। इस मौके पर भूमि संरक्षण अधिकारी जलागम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।