बांदा। कृषि विभाग की ओर से निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने व स्टॉक का सत्यापन करने का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। जिला कृषि अधिकारी संजय कुमार सिंह ने शनिवार को बांदा और बिसंडा क्षेत्र में उर्वरक विक्रेताओं के यहां औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक और बिक्री अभिलेखों की जांच कर पांच नमूने लिए गए।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि ओम खाद भंडार बांदा से दो (एक मोनो जिंक व एक टीएसपी) और शारदा ट्रेडर्स बिसंडा से तीन नमूने (एक मोनो जिंक, एक टीएसपी, एक सल्फर) लिए गए। दुकान में स्टॉक व बिक्री संबंधी अभिलेख अधूरे मिलने पर ओम खाद भंडार को नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह से जिला कृषि अधिकारी श्री माधव एग्रो एजेंसी बिसंडा की दुकान पर पहुंचे। दुकान बिना किसी सूचना के बंद पाई गई। बताया गया कि इस पर संचालक को कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर समय से गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।