Five arrested with fourteen kilos of ganja
- फोटो : BANDA
खप्टिहा कलां। गांजे की तस्करी में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी युवा उम्र के हैं। उनके पास से 14.200 किलोग्राम गांजा और बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों का एनडीपीएस एक्ट में चालान भेजा है।
पैलानी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांजे का कारोबार काफी दिनों से फलफूल रहा था। पुलिस इसकी धरपकड़ के लिए काफी दिनों से तैयारी में जुटी थी। सोमवार की शाम एसओजी टीम व पैलानी थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने पुलिस बल के साथ ककनारे बाबा मोड़ के पास दबिश देकर पैलानी के मोहित सिंह, मनीष सिंह, शशांक शेखर सिंह व नौशाद खां और जोगी मोहाल निवासी प्रमोद गिरि को गिरफ्तार कर लिया।
इनके पास से लगभग दो से साढ़े चार किलोग्राम तक गांजा बरामद किया गया है। एक बाइक भी मिली है। क्षेत्राधिकारी सदर सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपियों को काफी अर्से से तलाश थी। सभी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है। टीम में पैलानी थाना और एसओजी के जवान शामिल रहे।