बांदा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (प्रयागराज जोन) प्रेमप्रकाश ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर जुट गए हैं। उन्होंने कहा है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर पहले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होगी। इसके बाद आम लोगों पर कार्रवाई होगी।
प्रयागराज से चित्रकूट होकर मंगलवार की देर रात अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नेशनल हाईवे स्थित शहर की अलीगंज पुलिस चौकी पहुंचे। यह शहर का मुख्य चौराहा है। एडीजी ने चौराहे पर भ्रमण कर अस्त-व्यस्त ट्रैफिक व्यवस्था का नजारा देखा। इस पर असंतोष जताया।
बुधवार की सुबह उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। विभिन्न पटल और ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण आदि की पूरी जानकारी ली। कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि उनकी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। एडीजी ने उसी समय एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। डीसीआरबी, एलआईयू आदि कार्यालय भी देखे। पुलिसकर्मियों की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद एडीजी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बांदा शहर के मुख्य चौराहों पर बहुत जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल लगेेंगे। साथ ही ट्रैफिक साइन बोर्ड लगेंगे, जिसमें ट्रैफिक नियमों सहित दिशा-निर्देश लिखे होंगे। एडीजी ने बताया कि इसके लिए उन्होंने यहां के मंडलायुक्त से भी अनुरोध किया है।
ट्रैफिक नियमों के पालन के बारे में एडीजी ने स्पष्ट रूप से कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर पहले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होगी। उनका चालान और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अगले चरण में यातायात का उल्लंघन करने वाले आम लोगों पर कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान डीआईजी दीपक कुमार और एसपी डॉ. एसएस मीणा सहित अपर एसपी, क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे।
अच्छे काम करने वाले कांस्टेबल पुरस्कृत
पुलिस कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एडीजी प्रेमप्रकाश ने हैप्पी टू हेल्प डेस्क पर नियुक्त कांस्टेबल आरती और अंजली राय को नगद पुरस्कार दिया। सैनिक सेल के कांस्टेबल सुबोध कुमार को अभिलेख अपडेट रखने और कामों में दिलचस्पी लेने पर पुरस्कृत किया। एडीजी ने मटौंध थाने का निरीक्षण किया। हेल्प डेस्क की कांस्टेबल नेहा शर्मा को पुरस्कृत किया। जवानों की फिटनेस खुद कमांड कर ड्रिल के जरिये देखी।
शिकायतों के निस्तारण पर दी शाबासी
पुलिस कार्यालय के निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में एडीजी ने यहां की व्यवस्थाओं की पीठ थपथपाई। कहा कि शिकायतों का निस्तारण अच्छा हो रहा है। पिछले वर्ष भी बांदा इसमें अव्वल रहा। यहां की स्थिति अच्छी है। उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय कालेजों के आसपास मौजूद रहें। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाके में भी घूमकर शोहदों पर नजर रखें।