बांदा। बिसंडा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने उत्पीड़न और धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक युवक बीते एक माह से लगातार फोन कर अश्लील बातें कर रहा है और उसे जबरन उठाकर ले जाने की धमकी दे रहा है।
पीड़ित युवती द्वारा दी गई तहरीर में बताया कि बबेरू थाना क्षेत्र के हरदौली निवासी आफताब खान बीते एक माह से अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर अश्लीलता से बात करता है। विरोध करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपहरण करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी न केवल फोन पर आपत्तिजनक बातें करता है, बल्कि रास्ते में कार लेकर खड़ा रहता है और आने-जाने के दौरान छेड़छाड़ करने की कोशिश भी करता है। उसने जबरन शादी करने की धमकी दी है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी से उसकी जान को खतरा है। उसने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
इस संबंध में एएसपी शिवराज ने बताया कि पीड़िता की तहरीर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।