अतर्रा। अवैध रूप से बेची जा रही शराब खरीदने के दौरान दुकानदार का बरातियों से विवाद हो गया। झगड़ा थोड़ी देर में मारपीट में बदल गया। दुकानदार और परिजनों ने बरातियों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए दुल्हन के पिता, भाई और मां को पीटकर करके घायल कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गुमाई गांव मुनिया पुरवा निवासी मुन्ना की पुत्री का विवाह मंगलवार को था। बिसंडा के शिव गांव से बरात आई थी। गांव के ही पानी टंकी में बरात का जनवासा था। जनवासे के बाहर गांव का महेंद्र सिगरेट, गुटखा और अवैध रूप से शराब बेच रहा था। बरातियों के सामान खरीदने के दौरान ज्यादा रुपये मांगने पर विवाद हो गया। झगड़े की जानकारी पर दुकानदार महेंद्र के परिजन राहुल, सुग्रीव, पप्पू, अर्जुन, गुड़िया, रागिनी और सुधा लाठी-डंडे लेकर आ गए। बरातियों से मारपीट की। जानकारी मिलते ही दुल्हन सोनी के पिता मुन्ना पत्नी सदाप्यारी और पुत्र रतनबाबू के साथ जनवासे पहुंचे और बीच बचाव कराने लगे। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने रात में ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायल मुन्ना व परिजन इलाज कराकर घर पहुंचे। उसके बाद वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हुए। मुन्ना ने जान से मारने की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपियों महेंद्र, राहुल व अर्जुन को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार का कहना है कि बरात में आए दो लोग कुछ सामान खरीदने गए थे, तभी विवाद हो गया। शराब बेचने की बात गलत है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।