फोटो 17- मृतक रामसुफल। फाइल फोटो।
-गुजरात के वापी जिले के वालोड की घटना
-परिजन घायल को गांव ले आए थे, यहां हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा (बांदा)। फुफेरे दामाद के जानलेवा हमले से घायल हुए ससुर की लंबे इलाज के बाद मौत हो गई। परिजन ने बांदा में पोस्टमार्टम कराया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के मंझीवा-सानी गांव निवासी मुन्ना ने बताया कि उसका भाई रामसुफल (42) अपने पुत्र रोहित के साथ गुजरात के वापी जिले के वालोड में लकड़ी का कार्य करने बीते चार माह पहले गए थे। वालोड में ही रामसुफल का फुफेरा दामाद रमित भी दूसरे जगह काम करता है। बीते 22 मई को रमित अपने फुफेरे ससुर रामसुफल से मिलने कमरे गया। वहां देर रात रमित ने अपनी पत्नी रंजना को मोबाइल फोन पर अपशब्द कह रहा था। इस पर फुफेरे ससुर ने रमित को अपशब्द कहने से मना किया था। जिस पर विवाद हो गया था।
तभी रमित ने लकड़ी के डंडे से बाथरूम जा रहे रामसुफल के पीछे से सिर में मार घायल कर दिया था। घटना के बाद पुत्र रोहित ने अचेतावस्था में पिता को सूरत के नई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। बीते 25 दिन भर्ती रहने के बाद भी घायल रामसुफल की हालत में कोई सुधार नहीं होने के चलते पुत्र ने अस्पताल से छुट्टी करा बीते 17 जून को घर ले आए थे। जहां बृहस्पतिवार की देर शाम रामसुफल ने घर में दम तोड़ दिया। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री है। पत्नी राजकुमारी की मौत 10 साल पहले हो गई थी। घटना से मां भूरी समेत सभी परिजन रो-रोकर बेहाल है।
थाना प्रभारी बिसंडा सीपी तिवारी ने कहा कि परिजन की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया गया है। शनिवार को गुजरात पुलिस टीम आ रही है। पुलिस टीम के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुत्र रोहित ने गुजरात के वालोड पुलिस को बीते 22 मई को तहरीर देकर आरोपी दामाद के विरुद्ध हत्या के प्रयास करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।