बांदा। रिटायर्ड पुलिस कर्मी के साथ पिता-पुत्र ने धोखाधड़ी कर दी। उनसे 10 लाख रुपये कंपनी में लगाने का झांसा देकर हड़प लिया।
रुपया वापस न मिलने पर पुलिस कर्मी ने जब कंपनी के बारे में पता किया तो उस नाम की कंपनी नहीं मिली। इस पर उन्होंने कोतवाली में पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पैलानी डेरा निवासी रामविशाल यादव ने बताया कि वह पुलिस विभाग से रिटायर्ड हुआ है। उसे रिटायरमेंट में काफी पैसा मिला था। उसके रिश्तेदार बांदा के शुकुल कुआं निवासी चंद्रशेखर आए दिन उसके घर में आकर अपनी कंपनी में रुपये जमा कराने की बात कहता रहा।
इसके लिए चंद्रशेखर ने अपने पुत्र भूपेंद्र यादव से भी बात कराकर उन्हें विश्वास में ले लिया। घर वालों के दबाव में उसने 18 जनवरी 2019 को बैंक से 10 लाख रुपये निकाल कर दे दिए। चंद्रशेखर ने रुपया लेकर चार दिन बाद 10 रसीदें रामविशाल यादव के पुत्र करन यादव के नाम पर करके दी। प्रत्येक रसीद एक लाख पांच हजार रुपये की थी। एक रसीद 100 रुपये की कंपनी के शेयर के नाम पर दी। दस दिन बाद 10 बॉन्ड भी दिए।
तिथि पूरी होने पर जब उन्होंने बॉन्ड तुड़वाने को कहा तो वह टाल मटोल करता रहा। बदले में जान से मारने की धमकी दी। उसने पता किया तो फतेहपुर में उस नाम की कोई कंपनी भी नहीं मिली। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी की तहरीर पर आरोपी पिता- पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि विवेचना की जा रही है।