नरैनी। कोतवाली क्षेत्र के नौहाई गांव निवासी 20 वर्षीय युवक नीरज की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता दरबारी लाल ने उप्र और गुजरात के सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा, आरोप लगाया है कि बेटे के साथियों ने मिलकर हत्या की है। स्थानीय पुलिस ने मामले को रफा-दफा कर दिया, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटें और बिजली के करंट के निशान मिलने की बात सामने आई है।
पिता ने बताया कि नीरज कुछ महीने पहले सूरत कमाने गया था और दमन के डोडी कोडिया भीमपुर चार रास्ता क्षेत्र में किराए के कमरे में रहता था। उसके साथ गांव के ही राजेश व अर्जुन रहते थे और तीनों एक निजी कंपनी में काम करते थे। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन बिहार प्रांत के एक अज्ञात मोबाइल नंबर से नीरज की आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें उसने घर आने की बात कही थी लेकिन उसी दिन शाम करीब सात बजे पुलिस द्वारा उसकी मृत्यु की सूचना दे दी गई।
पिता ने बताया कि साथ रहने वाले युवकों ने नीरज से रुपये उधार ले रखे थे और रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देते थे। घटना से पहले भी नीरज ने घर पर विवाद की जानकारी दी थी। परिजनों को आशंका है कि साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव रेल पटरी किनारे फेंक दिया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस को प्रार्थना पत्र दिए लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मृतक के भाई जगप्रसाद ने बताया कि न्याय की मांग को लेकर वह लगभग 50 रजिस्ट्री भेज चुके हैं, फिर भी उनकी पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं है।
परिवार ने दोनों राज्यों के सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने, मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।