बबेरू। बिजली, पानी व अन्ना गोवंश की समस्याओं से जूझ रहे किसानों का अनशन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।
शुक्रवार को नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वह समस्या दूर न किए जाने तक अनशन के निर्णय पर डटे रहे। उन्होंने नायब तहसीलदार को लौटा दिया।
बबेरू एवं अतर्रा तहसील के किसानों ने समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को बिसंडा पावर हाउस परिसर में अनशन शुरू किया था। शुक्रवार को अनशन स्थल पर नायब तहसीलदार अतर्रा पहुंचे और किसानों को जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया लेकिन किसान अपने निर्णय से पीछे नहीं हटे।
समाजसेवी पीसी पटेल ने कहा कि 132 केवीए ग्रिड स्टेशन कोर्रम से बिसंडा पावर हाउस तक कार्य में तेजी लाई जानी चाहिए। इसके लिए कई बार अधिकारियों से कहा गया लेकिन कोई हल नहीं निकला। कहा कि समय पर कार्य न हुआ तो किसानों की धान फसल बर्बाद हो जाएगी।
अनशन के दूसरे दिन डॉ. छुट्टू, केशव प्रसाद, बृजकिशोर पटेल, मोहित, धीरेंद्र पटेल, छोटेलाल, रामबहोरी पटेल, गया प्रसाद, संतोष सिंह, अनिल पटेल, संतोष मिश्रा, राजधर शुक्ला, अरुण द्विवेदी सहित अन्य मौजूद रहे।