बांदा। किसानों के मुद्दे पर कलेक्ट्रेट परिसर के पास
बुंदेलखंड किसान यूनियन का अनशन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। पूर्व
मंत्री बादशाह सिंह व पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयराम सिंह भी किसानों के
समर्थन में आगे आए।
दोपहर में जिला अस्पताल से चिकित्सकों की टीम
ने आमरण अनशन कर रहे किसानों के स्वास्थ्य की जांच की। सिटी मजिस्ट्रेट
आरके श्रीवास्तव ने किसानों से अनशन खत्म करने का आग्रह किया और उनकी बात
शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया, लेकिन किसानों ने मांगे पूरी न होने तक
अनशन जारी रखने का ऐलान किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण कुमार
शर्मा सहित शैलेंद्र सिंह, गणेश प्रसाद, आशीष द्विवेदी, करौंदीलाल, धर्म
सिंह खेंगर, रमाशंकर, अनिल शास्त्री, रामकुमार कुशवाहा, नाथूराम, अवधेश
द्विवेदी इत्यादि शामिल हैं।
उधर, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार
एसोसिएशन बुंदेलखंड प्रभारी अतुल तिवारी ने मंडलायुक्त को पत्र भेजकर अनशन
कर रहे किसानों की समस्याओ पर कार्रवाई कराने और अनशन खत्म कराने का अनुरोध
किया है।