बैंक नोटिस आने से परेशान किसान की सदमे से मौत हो गई। पत्नी का आरोप है कि बैंक के दबाव से उसके पति की जान गई। उप जिलाधिकारी का कहना है कि जांच कराई जाएगी।
अतर्रा तहसील और बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर गांव में चार बीघा खेत के मालिक किसान दुर्गा प्रसाद (38) पुत्र माता प्रसाद की बुधवार को सदमे से मौत हो गई।
पत्नी कांती देवी का कहना है कि 2015 में गांव में स्थित आयार्वत बैंक से 70000 रुपये का कर्ज केसीसी से लिया था। फसल न होने से यह अदा नहीं हो सका। इसके अलावा दो बेटियों की शादियों के लिए एक लाख रुपये साहूकारों से ले रखा था।
पत्नी ने बताया कि 15 अक्तूबर को बैंक ने नोटिस जारी कर एक हफ्ते के अंदर कर्ज न जमा किए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इससे दुर्गा प्रसाद परेशान था।
मृतक के भाई जगदंबा ने बताया कि इसी में उसको दिल का दौरा पड़ गया। उधर, बैंक प्रबंधक का कहना है कि रूटीन के तहत नोटिस जारी हुई थी। उधर, एसडीएम सौरभ शुक्ला का कहना था कि उन्हें जानकारी नहीं थी जांच कराई जाएगी। ब्यूरो