बबेरू तहसील क्षेत्र अंतर्गत कमासिन थानाक्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी कल्लू (38) पुत्र भगवानदीन मंगलवार को खेत में पानी लगा रहा था। शाम को उसे ठंड लग गई और खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे घर ले आए और अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने घटना की सूचना बबेरू तहसील व कमासिन थाने में दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
उधर, नरैनी कस्बा निवासी रुकमिन (60) पत्नी झल्लू प्रसाद दो दिन पहले अपने पुत्र के पास अलीगंज (बांदा) आई थी। मंगलवार रात ठंड से उनकी हालत बिगड़ गई। वहीं, स्वराज कालोनी निवासी दिनेश (25) पुत्र मुनेंद्र कुमार को बुधवार तड़के ठंड लगने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बर्फीली हवाओं ने धूप को किया बेअसर
चित्रकूटधाम मंडल में 12 किलोमीटर प्रति घंटे से चली बर्फीली हवाओं ने धूप को भी पूरी तरह बेअसर रखा। तेज धूप से कोहरा तो छंटा, पर गलन में इजाफा हो गया। अधिकतम पारा दो डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग के मुताबिक गलन अभी और बढ़ेगी।
बुधवार को हवाओं की दिशा दो बार बदली। पहले उत्तर-पश्चिम और फिर दोपहर में दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलीं। शाम तक दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का रुख रहा। इससे सुबह की नमी 15 फीसदी कम हो गई। जो नमी मंगलवार को 95 फीसदी थी वह 80 फीसदी पहुंच गई। दोपहर की नमी 17 फीसदी कम (67 की जगह 50 फीसदी) रिकार्ड की गई। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम पारा दो डिग्री कम होकर 18 और न्यूनतम एक डिग्री घटकर 9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विज्ञानी डा. अरुण सिंह ने बताया कि आसमान साफ हुआ। इसलिए हल्का या फिर घना कोहरा छा सकता है।