आत्महत्या करने वाले किसान के बारे में गांव पहुंचकर परिजनों से जानकारी लेते पैलानी तहसीलदार राजी
- फोटो : BANDA
पैलानी/चिल्ला। सुबह खेत पर जाकर किसान ने जहर खा लिया। नाजुक अवस्था में ट्रामा सेंटर लाया गया। कुछ देर बाद मौत हो गई। कुछ ही देर पहले उसने गोवा में नौकरी कर रहे बेटे से फोन पर बात की थी। उसी के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया।
चिल्ला थाना क्षेत्र के चकला गांव में मुन्ना निषाद (45) पुत्र ननकू डेढ़ बीघा जमीन पर खेती और मजदूरी करके परिवार का गुजारा कर रहा था। उसका पुत्र कमलेश गोवा में नौकरी करता है। मुन्ना के भाई संतोष ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब 6 बजे मुन्ना ने पुत्र कमलेश से फोन पर बात की।
इसी के बाद खेत में चला गया और वहां जहर पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में संतोष उसे लेकर जिला अस्पताल आया। कुछ ही देर बाद ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। खबर मिलने पर तहसीलदार पैलानी राजीव निगम चकला गांव आए और परिजनों से पूरी जानकारी ली।
भाई संतोष ने तहसीलदार को भी यही बात बताई। मुन्ना की की पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। एक विवाहित बेटी संपत देवी है। चिल्ला थाना इंस्पेक्टर विजय सिंह ने परिजनों के हवाले से बताया कि जहर खाकर आत्महत्या की है।