नरैनी (बांदा)। कोतवाली क्षेत्र के मोतियारी गांव के मजरा कछिया पुरवा में शनिवार को देर शाम खेत में धान की बेड़ लगाते समय किसान की मौत हो गई। परिजन खेत पहुंचे तो किसान सिर के बल खेत में भरे पानी में डूबा मिला। पुलिस को जांच में हाथ में सर्पदंश के निशान मिले हैं।
कछिया पुरवा निवासी किसान रामप्रसाद (55) शनिवार को खेत में धान की बेड़ लगाने गए थे। उनके भतीजे फैलू ने बताया कि देर शाम तक चाचा घर नहीं लौटे तो परिजन उनकी तलाश में खेत की ओर गए थे। वहां रामप्रसाद खेत में भरे पानी में सिर के बल पड़े मिले। परिजन ने उन्हें पानी से निकाला और सीएचसी नरैनी लेकर पहुंचे।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. विकास यादव ने परीक्षण के बाद रामप्रसाद को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार प्रथम दृष्टया हृदयाघात की आशंका जताई गई है। किसान की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नरैनी कोतवाल भास्कर मिश्र ने बताया कि किसान के दाहिने हाथ में सर्पदंश के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।