मरका (बांदा)। शादी से इनकार पर युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। थाना क्षेत्र के समगरा गांव के भर्रहा डेरा निवासी गोरेलाल निषाद (23) पुत्र मातादीन की शादी 8 मई (शनिवार) को भटौली गांव में होनी थी। किसी बात को लेकर लड़की पक्ष ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया।
इसी बात से क्षुब्ध गोरेलाल शादी वाले दिन शनिवार को सुबह घर से बिना बताए निकल गया। लगभग दो किलोमीटर दूर बीहड़ क्षेत्र में जाकर बबूल के पेड़ में साफी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चरवाहों ने फंदे पर शव लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को उतराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां सुनैना का कहना है कि शादी के दो दिन पहले कन्या पक्ष ने बयाने में दिया गया पैसा व सामान वापस ले लिया और शादी से मना कर दिया। इससे समाज में हुई किरकिरी को बेटा बर्दाश्त नहीं कर सका। थाना प्रभारी रामआसरे ने बताया कि युवक ने शादी रद्द हो जाने से क्षुब्ध होकर फांसी लगाई है। मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था। खेतीबाड़ी में हाथ बंटाता था।