बांदा। पिछले वर्ष लागू लॉकडाउन की तरह इस बार कोरोना कर्फ्यू का कड़ाई से पालन नहीं हो पा रहा। सुबह-शाम बाजार खरीदारों से गुलजार हो रही है। मंडी समिति परिसर स्थित सब्जी बाजार में शनिवार को सुबह भारी भीड़ रही। सोशल डिस्टेंसिंग तो दरकिनार अधिकांश दुकानदार और खरीदार मास्क भी नहीं लगाए रहे। पुलिस का रवैया भी कुछ नरम दिखता है। इक्का-दुक्का दुकानदारों का चालान काटकर औपचारिकता निभा रही है। कई दुकानों का बाहर से शटर बंद रहा, लेकिन अंदर दुकानदारी चलती रही।
शनिवार को सुबह चौक बाजार और मंडी समिति परिसर स्थित सब्जी-फल बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ रही। भीड़ के सामने कोरोना प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ गईं। सब्जी से लेकर किराना तक की हरेक दुकान में भीड़ रही। भीड़ को लेकर व्यापारियों का कहना है कि सहालग और ईद के मद्देनजर खरीदार बाजार आ रहे हैं। तमाम लोगों ने पहले से ही सामान बुक कर दिया था। उन्हें शादी के समय सामान उपलब्ध कराना मजबूरी है। 11 बजे के बाद दुकानें बंद होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। दोपहर भर इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर नजर आए लेकिन शाम होते ही वाहनों की आवाजाही बढ़ने से फिर सन्नाटा टूट गया। पुलिस ने कुछेक दुकानदारों और वाहन सवारों के चालान काटे लेकिन कोरोना कर्फ्यू की पाबंदियां फिलहाल बेअसर हैं।
-------------
किराना, दवा, दूध, सब्जी आदि आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली हैं। ऐसे में भीड़ तो लगेगी। फिर भी प्रयास है कि कोरोना प्रोटोकाल का पालन हो। जरूरी सेवाओं के अलावा अन्य दुकानें नहीं खोलने दी जाएंगी। दुकानदारों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए दुकानों के आगे गोले बनवाने को कहा गया है। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि अनावश्यक रूप से घूमने वालों और कोविड नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
- महेंद्र प्रताप चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक, बांदा।