अतर्रा। कस्बे के बिसंडा रोड स्थित एक फोटो स्टूडियो में लंबे समय से फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने की सूचना पर एसडीएम रावेंद्र सिंह ने टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान स्टूडियो से बड़ी संख्या में फर्जी प्रमाण पत्र बरामद किए गए। संचालक को गिरफ्तार किया गया है।
कोतवाली पुलिस ने स्टूडियो में जांच पड़ताल के बाद संचालक जयरामबारी अंश ओरहा गांव निवासी रामजी कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को रामजी कुशवाहा के खिलाफ धोखाधड़ी, नकली दस्तावेजों का उपयोग, दस्तावेजों से छेड़छाड़ और दुरुपयोग की धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि स्टूडियो से आठ फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान संचालक ने खुलासा किया कि मध्य प्रदेश के सतना निवासी अभिनव और राम प्रकाश भी इस फर्जीवाड़े में शामिल थे। ये लोग बोलेरो गाड़ी से स्टूडियो पर आते थे और फर्जी दस्तावेज बनवाने का काम करते थे।
एसडीएम के छापा मारने के दौरान रणविजय (नरैनी), अभिनव, राम प्रकाश निवासी सतना मौके से फरार हो गए। पुलिस ने स्टूडियो से बोलेरो गाड़ी, बैटरी इन्वर्टर और अन्य फर्जी अभिलेख बरामद किए हैं। कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी ने बताया कि स्टूडियो संचालक रामजी कुशवाहा का आपराधिक इतिहास पूर्व में थाने में दर्ज है।