बांदा। दिवाली और छठ पूजा के लिए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने छह से 15 नवंबर तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने और सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं संचालित रखने को कहा। विद्युत विभाग को आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल समस्या दूर करने और शेष ट्रांसफार्मरों को दिवाली से पहले शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। बिजली संबंधी शिकायत कंट्रोल रूम नंबर 9415909206 और टोल फ्री नंबर 1912 पर दर्ज कराई जा सकती है।
आबकारी विभाग को शराब की दुकानों की सघन जांच, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और अवैध गतिविधियों पर निगरानी के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को बसों में आतिशबाजी, पटाखे और अन्य ज्वलनशील सामग्री का परिवहन रोकने को कहा। बसों की फिटनेस जांचने और चालक-परिचालकों के नशे की हालत में वाहन न चलाने पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर विशेष जांच और नमूने लेने को कहा। नगर निकायों और जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रमुख मार्गों, चौराहों, मंदिरों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीडीओ अजय कुमार पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।