अतर्रा। कस्बे के चौक बाजार में शुक्रवार दोपहर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इससे राहगीर और चालक परेशान रहे। जाम के कारण नरैनी रोड, बांदा रोड, स्टेशन रोड और बदौसा रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एंबुलेंस भी एक घंटे तक जाम में फंसी रही।
सहालग के दौर में बाजारों में खरीदारी को लेकर जमकर भीड़ उमड़ रही है। जहां एक ओर बाजार गुलजार हैं तो वहीं दूसरी ओर उमड़ रही भीड़ से जगह-जगह जाम लग रहा है। शुक्रवार को चौक बाजार में आड़े-तिरछे खड़े वाहनों और दुकानों के बाहर अतिक्रमण के कारण यह समस्या और विकराल हो गई। जाम में दोपहिया, चार पहिया, स्कूली वाहन और एंबुलेंस तक फंस गए, ताकि यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई। चौक बाजार में तैनात दो पुलिस कर्मी जाम हटाने में असफल रहे। कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी को सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा, तब कहीं जाकर जाम खुल सका। कोतवाली प्रभारी ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को जमकर फटकारा।