बांदा। परिषदीय स्कूलों में दिव्यांग सुलभ शौचालय न के बराबर हैं। जनपद के 1729 स्कूलों में मात्र 101 में ही ये शौचालय बनाए गए हैं। 1628 विद्यालय इससे वंचित हैं। उधर, इसी माह होने जा रहे पंचायत चुनाव में इन स्कूलों को मतदान केंद्र बनाया गया है। ऐसे में दिव्यांग मतदाता या मतदान कर्मियों को असुविधा होना तय है।
विभाग का दावा है कि आपरेशन कायाकल्प से यह शौचालय समय से पूरे किए जाएंगे।
सिर्फ 101 स्कूलों में आपरेशन कायाकल्प के जरिये कंपोजिस्ट ग्रांट से दिव्यांग सुलभ शौचालय निर्माण कराए गए। पिछले दिनों मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने मंडल के सभी बीएसए की बैठक में यह शौचालय समय से निर्माण के निर्देश दिए थे। उधर, परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांगों के लिए रैंप भी खस्ताहाल हैं। पंचायत चुनाव में इन स्कूलों में दिव्यांग मतदाताओं और कार्मिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
----------
इनसेट
----------
बीएसए बोले- जल्द बनेंगे
परिषदीय स्कूलों में आपरेशन कायाकल्प से 14 बिंदुओं की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उसमें दिव्यांग सुलभ शौचालय भी हैं। फिलहाल 101 स्कूलों में ही यह सुविधा दी गई है। जल्द ही सभी स्कूलों में यह बनवाए जाएंगे।
- हरिश्चंद्र नाथ
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बांदा
-------------