बांदा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा कि मतदान की तैनाती के लिए एक्शन प्लान तैयार कर लिया जाए। सभी मतदान कार्मिकों को मतदान स्थल पर बस द्वारा भेजने के निर्देश दिए गए। लाइसेंसधारकों के शस्त्र जमा कराने को कहा।
जिला पंचायत में शनिवार को प्रभारी अधिकारियों को डीएम ने निर्देश दिए कि मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के लिए व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, जो भी सूचना आयोग द्वारा मांगी जाए तत्काल दें। मतगणना केंद्रों पर टेंट, बैरिकेडिंग आदि की व्यवस्था की जाए।
डीएम ने एसडीएम व सीओ से लाइसेंसधारकों के शस्त्र जमा कराने को कहा। शांतिभंग की आशंका वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक डा. सिद्धार्थ शंकर मीणा, सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, एडीएम संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट केशव नाथ गुप्ता समेत सभी एसडीएम व सीओ आदि मौजूद रहे।