लोहिया गांवों और सरकारी योजनाओं में लापरवाही बरत
रहे तीन अधिशासी अभियंताओं समेत पांच अधिकारियों को डीएम ने प्रतिकूल
प्रविष्टि दी है। न सुधरने पर शासन को कार्रवाई के लिए पत्र भेजने की
चेतावनी दी है।
उधर, गांव के निरीक्षण मेें पंचायत सचिव और एडीओ को
प्रतिकूल प्रविष्टि तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का अगस्त का मानदेय रोककर
सुपरवाइजर को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। साथ ही सीडीपीओ को चेतावनी दी
है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा
बैठक में डीएम सुरेश कुमार ने लोहिया गांवों में हैंडपंप लगाने और रिबोर के
काम में लापरवाही पर जल निगम 16वीं शाखा अधिशासी अभियंता एसपी सिंह को
प्रतिकूल प्रविष्टि दी।
दो साल के काम अधूरे होने पर पीएमजीएसवाई
के अधिशासी अभियंता एनके त्रिपाठी और 6 गांवों में पैसा जमा होने के बावजूद
ग्राम समूह पेयजल योजना में बिजली कनेक्शन न देने पर विद्युत वितरण खंड के
अधिशासी अभियंता को भी प्रतिकूल प्रविष्टि दी।
मुख्यमंत्री की
प्राथमिकता वाली योजनाओं में रुचि न लेने पर श्रम अधिकारी और एपीओ नेडा
सुरेंद्र सिंह को भी प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। आरईएस एक्सईएन को
निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शीघ्र शुरू कराएं। डीपीआरओ
को गांव की गलियां बनवाने का निर्देश दिया।
उधर, बड़ोखर ब्लाक के
जारी गांव में डीएम ने निरीक्षण कर चौपाल लगाई। एसपी राकेश शंकर भी साथ थे।
लोहिया आवास, शौचालय, सीसी रोड का निरीक्षण किया। प्राइमरी स्कूल में
चौपाल लगाई। वृद्धावस्था पेंशन की सही जानकारी न देने पर पंचायत सचिव
नंदकिशोर सोनी और एडीओ समाज कल्याण राजेंद्र पाल को प्रतिकूल प्रविष्टि के
निर्देश दिए। गांव में 6 आंगनबाड़ी केंद्र हैं।
ग्रामीणों ने इन
सभी की शिकायत की। डीएम ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का अगस्त का मानदेय
रोकते हुए सुपरवाइजर को प्रतिकूल प्रविष्टि और सीडीपीओ मिथलेश को चेतावनी
जारी की। जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश
दिया।
बीएसए ओपी त्रिपाठी को अच्छी क्वालिटी की ड्रेस वितरण के
निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से मिल-जुलकर रहने और साधारण
विवाद मिल बैठकर निपटा लेने को कहा। डीएम, एसपी ने सीसी रोड का शिलान्यास
किया। स्कूल परिसर में पौधे लगाए। सीडीओ राममणि त्रिपाठी, डीडीओ श्रीकृष्ण
त्रिपाठी, अर्थ एवं संख्याधिकारी आरडी यादव, क्षेत्राधिकारी विनोद सिंह भी
मौजूद रहे।