फोटो - 01 सीएचसी नरैनी में बीमारों को उपचार बताते चिकित्सक। संवाद
नरैनी। मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर असर दिख रहा है। मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरैनी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
पूरे दिन पर्चा काउंटर, ओपीडी कक्ष और दवा वितरण कक्ष के बाहर भीड़ लगी रही। सीएचसी में मंगलवार को करीब 250 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। दूर-दराज के गांवों से भी लोग इलाज कराने आए। ओपीडी में तैनात चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं और सावधानियां बताईं। डॉ. लवलेश पटेल, डॉ. चेतना मिश्रा, डॉ. स्नेहलता और डॉ. मनीष ने मरीजों का उपचार किया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. लवलेश पटेल ने बताया कि वायरल बुखार के लक्षण वाले मरीज अधिक आ रहे हैं। इनमें खांसी, जुकाम, हल्का बुखार, गले में खराश और शरीर में दर्द प्रमुख है।
सतर्कता बरतने की अपील
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास यादव ने बताया कि मौसम के उतार-चढ़ाव से वायरल संक्रमण बढ़ रहा है। अस्पताल में मरीजों को समय पर दवाएं और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। ठंडा पानी पीने, धूल और ठंडी हवा से बचाव करने की सलाह दी गई। साथ ही, खांसी, जुकाम या बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाने को कहा।