बांदा। साले के बयाना कार्यक्रम में नशे में जीजा भड़क गए। छोटा साला उन्हें समझाने पहुंचा तो उसके साथ मारपीट कर गला दबा दिया। मारपीट में घायल साले का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी विनोद (18) को उसके जीजा महेश ने पीटकर गला दबा दिया। इससे विनोद घायल हो गया। पिता शिवकुमार ने बताया कि बड़े पुत्र संतोष का बयाना कार्यक्रम शनिवार को था। रिश्तेदार और मेहमान घर आए थे। कार्यक्रम में कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए शराब आदि के लिए मना किया गया था। इस बीच दामाद महेश नशे में आकर अभद्रता करने लगा। छोटे पुत्र विनोद ने टोका तो महेश ने विनोद के साथ मारपीट कर दी। उसका गला भी दबा दिया। इससे विनोद की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर बिसंडा पीएचसी पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में विनोद का इलाज किया गया। पिता ने बताया कि मामला रिश्तेदारी का है। इस कारण थाने में तहरीर नहीं दी है। डॉक्टरों ने विनोद की भी अस्पताल से छुट्टी कर दी है।