बांदा। डीआर एकेडमी की ओर से पुलिस लाइन में गुरुवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। डीआरए ने डीआरबी टीम को पांच रनों से हरा दिया।
पुलिस लाइन स्पोर्ट्स ग्राउंड में गुरुवार को डीआर क्रिकेट एकेडमी चेयरमैन चंद्रमौली भरद्वाज और कोच राममिलन ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लेकर मैच का उद्घाटन किया। डीआर क्रिकेट एकेडमी ए और डीआर क्रिकेट एकेडमी बी के मध्य जूनियर वर्ग का क्रिकेट मैच खेला गया। ्र
डीआर ए टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 118 रन बनाए। बल्लेबाज अजय ने 53, अंकित ने 12 रन बनाए। गेंदबाज शाश्वत ने पांच, शुभी द्विवेदी ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए डीआर बी की टीम महज 113 बना सकी। बल्लेबाज रनवीर ने 15 व अभिराज ने 21 रन बनाए।
गेंदबाजी में अंकुश ने पांच व हर्षित मिश्रा ने तीन विकेट लिए। रोमांचक मैच में पांच रन से डीआर ए ने जीत हासिल की। मैन ऑफ द मैच अंकुश रहे। इस मौके पर डीआर पब्लिक स्कूल के निदेशक चंद्रमौली भरद्वाज, कोच राममिलन, मोहित व मोहम्मद खां आदि मौजूद रहे।