फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में 18 अप्रैल तक रात्रिकालीन कर्फ्यू

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। प्रदेश के कई महानगरों में रात्रिकालीन कर्फ्यू के बाद अचानक बांदा शहर को भी इसमें शामिल कर लिया गया है। डीएम ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए इसी दिन से ही इसे लागू किया है। फिलहाल यह 18 अप्रैल तक रहेगा। रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक बांदा शहर नगर पालिका क्षेत्र में आवागमन और अन्य गैर जरूरी गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।
विज्ञापन

डीएम आनंद कुमार सिंह ने जारी किए आदेश में शासनादेश का हवाला देकर कहा कि जिन जिलों में रोजाना 100 से अधिक कोरोना मरीज पाए जा रहे हैं या जहां सक्रिय संक्रमित (एक्टिव मरीज) 500 से अधिक हैं, वहां यह प्रतिबंध लगाया गया है। डीएम ने कहा कि बांदा में 9 अप्रैल को एक ही दिन में 120 संक्रमित मिले हैं। अब तक साढ़े 400 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसके मद्देनजर महामारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 10 अप्रैल से 18 अप्रैल तक रात 9 से सुबह 6 बजे तक रात्रि कालीन आवागमन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया जाता है। कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी स्कूल-कालेज बंद रहेंगे। अलबत्ता जहां परीक्षा या प्रैक्टिकल चल रहे हैं, वहां कोविड-19 गाइडलाइन प्रोटोकाल के पालन के साथ परीक्षाएं होंगी।
इंसेट---
रात्रिकालीन कर्फ्यू से इनको मिलेगी छूट-
केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी-कर्मचारी, सार्वजनिक निगम, निकाय, आपातकालीन सेवाएं, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पुलिस, जेल, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाएं, जिला प्रशासन, कोषागार, बिजली, पानी, सफाई, सार्वजनिक परिवहन, रेलवे, बस, आपदा प्रबंधन, एनआईसी आदि के अधिकारी व कर्मचारी विभाग का वैध परिचय दिखाकर छूट हासिल कर सकेंगे। सभी निजी अस्पतालों के डाक्टर, नर्सिंग व पैरा मेडिकल स्टाफ, डायग्नोस्टिक सेंटर, क्लीनिक, फार्मेसी, फार्मास्युटिकल कंपनियां एवं अन्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को कर्मी भी वैध परिचयपत्र दिखाने पर छूट पा सकेंगे। गर्भवती महिलाओं और रोगियों को इलाज आदि के लिए छूट मिलेगी। रेलवे स्टेशन/बस अड्डे से आने-जाने वालों को वैध टिकट दिखाने पर यात्रा की अनुमति रहेगी। जरूरी वस्तुओं के परिवहन पर कोई रोक नहीं रहेगी। पंचायत चुनाव में ड्यूटी वाले डोर-टू-डोर खाद्य पदार्थों की आपूर्ति, फल, सब्जी, दूध, मांस, मछली, पशुचारा, दवा आदि की दुकानें, बैंक, बीमा कार्यालय, एटीएम आदि को भी छूट रहेगी। प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मियों पर भी प्रतिबंध नहीं रहेगा। टेलीकम्युनिकेशन, इंटरनेट, प्रसारण, केबिल सेवा, आवश्यक सामानों की डिलीवरी, पेट्रोल पंप, एलपीजी, स्टोरेज, आवश्यक वस्तुओं बनाने वाली इकाइयों में लगे लोगों और उपरोक्त गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले वाहन या आटो चालक को भी प्रोटोकाल अनुपालन के साथ अनुमति रहेगी। डीएम ने खबरदार किया कि नियमों का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम और आईपीसी के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

इंसेट---
पाठकों को पूर्ववत मिलेंगे अखबार
कोरोना से संबंधित सूचनाएं और शासन-प्रशासन की कार्रवाइयों आदि की जानकारी अखबार के जरिए पाठकों को नियमित रूप से मिलती रहेगी। रात्रिकालीन कर्फ्यू के दौरान भी अखबार पाठकों के घर पहुंचेंगे। जिला मजिस्ट्रेट आनंद कुमार सिंह द्वारा जारी कर्फ्यू संबंधी आदेश के बिंदु तीन में स्पष्ट कहा गया है कि प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया को अनुमति रहेगी। डोर-टू-डोर खाद्य पदार्थों की आपूर्ति भी यथावत जारी रहेगी।
इंसेट---
फोटो परिचय-25-कंटेनमेंट जोन स्वराज कालोनी में बैरिकेडिंग लगवाकर आवागमन बंद कराते एसडीएम सदर सुधीर कुमार।
कई मोहल्ले कंटेनमेंट जोन घोषित
बांदा। शहर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मद्देनजर कई मोहल्लों को हॉटस्पॉट/कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इन इलाकों में ज्यादा केस मिल रहे हैं। इन इलाकों में कालूकुआं, स्वराज कालोनी, इंदिरा नगर और मर्दन नाका एरिया शामिल हैं। शनिवार को एसडीएम सदर सुधीर कुमार ने पालिका की टीम को लेकर अपने निर्देशन में इन इलाकों में सैनिटाइजेशन और विशेष सफाई कराई। लाउडस्पीकर से एनाउंसमेंट कर घर में ही रहने और मास्क सहित अन्य कोविड प्रोटोकाल का पालन करने को कहा। उधर, शहर कोतवाली पुलिस ने भी लाउडस्पीकर से शहर में रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू होने का एनाउंस किया।
-----------------
फोटो परिचय-6-जिला अस्पताल कोविड टेस्ट सेंटर में सोशल डिस्टेंसिंग को दरकिनार कर कोरोना जांच के लिए उमड़ी भीड़।
18-एसबीआई मुख्य शाखा में सैनिटाइजेशन करता फायर ब्रिगेड कर्मी।
बांदा में एक की मौत, 114 संक्रमित
सक्रिय मरीज 543, तेजी से फैल रहा बांदा में कोरोना
चित्रकूट में 70 नए कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
बांदा/चित्रकूट। रोजाना एक मुश्त कोरोना मरीजों का बड़ी संख्या बांदा में मिलना जारी है। पिछले दो दिनों से इनकी संख्या एक सैकड़ा का आंकड़ा पार कर गई है। शनिवार को 114 नए मरीज पाए गए। कोरोना संक्रमित 72 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। अब तक कुल मौतें 46 हुई हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर इस समय 543 हो गई है। उधर, चित्रकूट में शनिवार को 70 कोरोना पॉजिटिव मिलने से सनसनी फैल गई।
अप्रैल माह में कोरोना तेजी से फैल रहा है। रोजाना मिल रहे नए मरीजों का आंकड़ा दहाई के बाद तीन अंकों में पहुंच गया है। शुक्रवार को 120 संक्रमित मिले थे। शनिवार को 114 नए मरीज मिले। इनमें 29 महिला और 85 पुरुष शामिल हैं। उधर, शहर के कटरा मोहाल में कोरोना संक्रमित 72 वर्षीय वृद्ध को शुक्रवार को मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया था। शनिवार को वहां आईसीयू में मौत हो गई। कोविड-19 प्रोटोकाल के अनुसार मुक्तिधाम के विद्युत शवदाह गृह में दाह संस्कार किया गया। उधर, बिजली विभाग में भी कोरोना का करंट फैल रहा है। यहां मीटर विभाग के एक जेई और तुलसी नगर फीडर का आधा स्टाफ पॉजिटिव पाया गया है। सीएमओ डा. एनडी शर्मा ने बताया कि जिले में 36 हॉटस्पॉट हैं। अब तक 4223 लोग यहां संक्रमित हुए हैं।
बताया कि पॉजिटिव रोगियों के लिए शहरी क्षेत्र में चार और ग्रामीण में नौ आरआरटी टीमें काम कर रही हैं। कोविड कमांड सेंटर का फोन नंबर 05192-221624 या 05192-224872 या 8400542101 है। उधर, चित्रकूट में शनिवार को 70 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 346 हो गई है। मरीजों में मानिकपुर अस्पताल के प्रभारी डाक्टर और कुछ कर्मचारी शामिल हैं। तीन पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए। उधर, टीकाकरण अभियान में कुल 1399 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार को 1738 लोगों की जांच में 70 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना मरीजों की संख्या 2548 हो गई है। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने सभी से कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी है।
इंसेट---
कोरोना एक नजर में
कुल टेस्ट-4,74,860, आरटीपीसीआर टेस्ट-1,72,760, ट्रूनॉट मशीन से टेस्ट-4458, एंटीजेन टेस्ट-2,97,695, कुल पॉजिटिव-4223, स्वस्थ हुए मरीज-3644, रिकवरी रेट-86.28 प्रतिशत, कोरोना से मौतें-46, सक्रिय मरीज-543, कंटेनमेंट जोन-24, हॉटस्पॉट क्षेत्र-36
इंसेट---
एलटी संक्रमित, पैथालॉजी बंद
बांदा। लैब टेक्नीशियन के कोरोना पॉजिटिव होने पर जिला अस्पताल के पैथोलॉजी को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। शनिवार को जांच के लिए मरीज भटकते रहे। उन्हें प्राइवेट पैथोलाजी में जांच कराना पड़ा। उधर, डीएम आनंद कुमार सिंह ने ट्रामा सेंटर में 10 बेडों में सेंट्रल ऑक्सीजन पाइप लाइन डालने के निर्देश दिए हैं। सीएमएस डा. यूबी सिंह ने निरीक्षण कर पाइपलाइन का प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया। (ब्यूरो)
-------------------
फोटो परिचय-24---बांदा में शनिवार को देर शाम बांदा-झांसी नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरी रोडवेज बस में आग लग गई। कुछ ही देर में बस आग का गोला बन गई। बस में करीब 40 यात्री थे। सभी ने कूद भागकर अपनी जान बचाई। कुछ को मामूली चोटें आईं। देर तक बांदा-महोबा मार्ग में आवागमन ठप रहा। घटना हाईवे पर ग्वाइन नाले के पास हुई। देर तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। चालक और कंडक्टर ने भी भागकर अपनी जान बचाई। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें