वर्ष 2018-19 के लिए 3 अरब 67 करोड़ 41 लाख रुपये की जिला योजना तैयार की गई है। यह पिछले वर्ष 2017-18 से 19.26 करोड़ ज्यादा हैं। शुक्रवार को यहां प्रदेश के मंत्री और जिला प्रभारी धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में समिति की बैठक में जिला योजना को अनुमोदित कर दिया गया। पिछले वर्ष 3 अरब 48 करोड़ 15 लाख रुपये की जिला योजना बनी थी। लेकिन शासन ने सिर्फ 1 अरब 94 करोड़ 42 लाख रुपये के कार्यों की स्वीकृति दी थी। यानी सिर्फ 56 प्रतिशत योजना के कार्यों को ही मंजूरी मिली थी।
मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की संयुक्त बैठक में जिला योजना पर चर्चा के बाद मंजूरी दी गई। कृषि विकास के लिए 15.22 करोड़, संपर्क मार्गो के लिए 50.54 करोड़, रोजगार के लिए 95.47 करोड़, आवास निर्माण के लिए 88.84 करोड़, पेयजल के लिए 24.3 करोड़ समाज कल्याण के लिए 30.27 करोड़, चिकित्सा में 12.52 करोड़, वनीकरण के लिए 8.03 करोड़, 90 किसानों के प्रशिक्षण के लिए 4.92 करोड़, शहरी क्षेत्रों में सामाजिक वानिकी के लिए 33.35 लाख, ग्रामीण रोजगार में 93.42 करोड़, 34 पंचायत भवनों के लिए 2.42 करोड़, 50 गहरे नलकूप के लिए 89 लाख, मध्यम नलकूप के लिए 3.82 करोड़, 10 चेकडैम के लिए 3 करोड़, पीडब्ल्यूडी को सड़क व पुल के लिए 50.54 करोड़, पर्यटन के लिए 1.50 करोड़, प्राथमिक शिक्षा में 23 शिक्षामित्रों के मानदेय के लिए 25.23 लाख, बीएसए भवन निर्माण को 62.41 लाख, मिड-डे मील के लिए 27.59 लाख, माध्यमिक शिक्षा में व्यवसायिक शिक्षा करने वाले 48 विशेषज्ञों को 10 माह के मानदेय के लिए 48 लाख, 5 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 5 लाख, ग्रामीण पेयजल योजना के लिए 15.58 करोड़, प्रधानमंत्री आवास के लिए 88.84 करोड़ प्रस्तावित किए गए हैं। और भी विभागों की योजना तैयार की गई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला योजना के पैसे का अधिकारी सदुपयोग करें। अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। चेकडैम निर्माण स्थल चयन के लिए कमेटी बनाई जाए। जिला पंचायत और जिला योजना समिति के सदस्य दीपा सिंह गौर ने कहा कि तिंदवारी क्षेत्र के रेहुंटा गांव में नवनिर्मित राजकीय हाईस्कूल दो वर्षों पूर्व बनकर तैयार हो चुका है। अब तक यहां शिक्षण कार्य चालू नहीं हुआ। पलरा-पैलानी से बंशी डेरा, पिपरहरी में टावर से निवाइच तक, नरी से पिपरहरी तक, पपरेंदा पैलानी से राजकीय महाविद्यालय पिपरहरी तक, परसौड़ा से गजनी तक और नरी में कछार डेरा तक तथा कुकुवा संपर्क मार्ग के प्रस्ताव रखे।
बैठक में सांसद भैरो प्रसाद मिश्र, राज्य सभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी, विधायक प्रकाश द्विवेदी, चंद्रपाल कुशवाहा, राजकरन कबीर, ब्रजेश प्रजापति, डीएम दिव्य प्रकाश गिरि, सीडीओ हीरालाल, परियोजना निदेशक आरपी मिश्रा सहित जिला योजना समिति के सदस्य शामिल रहे।