अतर्रा (बांदा)। अत्री नगर के धान के छिलके का कारोबार करने वाले व्यापारी की बीते शनिवार को ओरन रोड पर कार निकालने को लेकर झगड़ा हुआ था। पीड़ित ने कार में सवार आरोपियों द्वारा अपहरण करने की कोशिश करने की तहरीर दी थी। जांच में वाहन निकालने को लेकर झगड़ा होने की बात सामने आई है। दोनों पक्ष थाने में समझौता करने में जुटे रहे।
अत्रि नगर के धनेंद्र कुमार गुप्ता धान के छिलके के परिवहन का व्यापार करते हैं। धनेंद्र बीते शनिवार की शाम ओरन तिराहे के पास स्थित मिल से अपने ट्रक को धान का छिलका लदवाकर निकलवा रहे थे। जाम के कारण वाहन निकालने को लेकर कार सवार तीन लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवारों ने मारपीट करते हुए अपहरण करने की कोशिश की।
शोर मचाने पर पल्लेदारों के आने से आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए भाग गए थे। उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष अवधेश गुप्ता के साथ पहुंचे व्यापारियों ने कार का नंबर देकर कार्रवाई की मांग की थी। मंगलवार दोपहर दोनों पक्ष थाने में एक घंटे समझौता का प्रयास करते रहे, लेकिन समझौता नहीं हो सका।
थाना इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद जांच कराई गई थी। जिसमें वाहन निकालने को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। अपहरण की कोशिश की बात गलत है। दोनों पक्षों की सहमति से समझौते के लिए बातचीत चल रही है।