प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) वित्तीय वर्ष 2019-20 की प्रगति की समीक्षा बैठक डूडा कार्यालय में हुई। परियोजना अधिकारी (पीओ) ने योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। लाभार्थी से पैसा मांगने पर बर्खास्तगी की चेतावनी दी।
परियोजना अधिकारी नरेंद्र कुमार गंगवार ने कहा कि आरईपीएल संस्था को वित्तीय वर्ष में 5658 आवासों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया, लेकिन अब तक मात्र 2505 आवासों का निर्माण पूरा हुआ।
3,153 आवास निर्माण शेष हैं। हाईटेक संस्था को वित्तीय वर्ष में 3000 आवासों के निर्माण का लक्ष्य दिया गया था। 804 आवासों का निर्माण पूरा किया गया। 2196 आवासों का निर्माण होना है। दोनों की प्रगति बेहद धीमी है।
संस्था द्वारा आवासों के निर्माण में खास रुचि न लिए जाने पर जेई को चेतावनी दी। कहा कि यदि लक्ष्य जल्द पूरा न हुआ तो बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। 31 मार्च 2020 तक आवासों का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
परियोजना अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी लाभार्थी से पैसा मांगने की कोई शिकायत मिली तो बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। सीएलटीसी अर्जुन सिंह, आरईपीएल के डीसी नीतीश सिंह, हाईटेक के डीसी अशोक यादव, शारदा प्रसाद आदि मौजूद रहे।