फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: कतकी मेला के दूसरे दिन भी कालिंजर में जुटे श्रद्धालु, लिया महादेव का आशीर्वाद

Thu, 06 Nov 2025 11:41 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
विज्ञापन
फोटो - 11 कालिंजर दुर्ग का भ्रमण करते अन्य जनपदों से आए लोग। संवाद
विज्ञापन
कालिंजर। कतकी मेला के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी कालिंजर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। उन्होंने यहां के रामकटोरा तालाब, खंभोरन व कोटि तीर्थ तालाब में स्नान कर नीलकंठ महादेव के दर्शन किए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दुर्ग के अन्य मनोहारी जगहों का भ्रमण कर स्मृतियां संजोईं।
विज्ञापन

पौराणिक एवं ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग पर कतकी मेला के दूसरे दिन जिले सहित सीमावर्ती सतना, पन्ना, छतरपुर, ग्वालियर, प्रयागराज, रायबरेली सहित अन्य जगहों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मेला क्षेत्र से काफी दूर वाहनों के खड़ा कराए जाने के बाद वह पैदल ही दुर्ग तक गए। सुबह से ही श्रद्धालुओं का दुर्ग के तालाबों में स्नान प्रारंभ हो गया। इसके बाद वह नीलकंठ मंदिर पहुंचे और भगवान शंकर के दर्शन-पूजन का लाभ प्राप्त किया।
मंदिर के राजपुरोहित आचार्य पंडित शंकर प्रताप मिश्रा ने बताया कि जो भक्त भगवान नीलकंठ का दर्शन-पूजन करते हैं, उनकी अकाल मृत्यु का संकट कट जाता है। मृत्यु के बाद वह मोक्ष को प्राप्त होते हैं। बताया कि मंदिर प्रांगण के बुड्ढा-बुड्ढी तालाब का उल्लेख महाभारत के वन पर्व में उल्लेख है। इसमें बताया गया है कि महाराज युधिष्ठिर ने इसी तालाब में सूर्य यज्ञ किया था। इसे तब वृद्धक क्षेत्र के नाम से जाना जाता था।
विज्ञापन

मेला के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने परिसर में लगी दुकानों से जमकर खरीदारी की। बच्चों ने मनपसंद झूलों का आनंद लिया। दुर्ग व आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ से स्थानीय लोग उत्साहित रहे। कहा कि जिले की धरोहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है, जो यहां के पर्यटन को बढ़ावा देने में कारगर साबित होगा।

बंद रहा दुर्ग का सातवां फाटक
कालिंजर दुर्ग का सातवां फाटक बृहस्पतिवार को भी बंद रहा। दुर्ग में ऊपर जाने के लिए सात दरवाजे हैं। इसमें सातवां दरवाजा पुरातत्व विभाग काफी अर्से से बंद किए है। इससे सीढ़ी मार्ग से ऊपर न पहुंच पाने से श्रद्धालु दुर्गम मार्गों से दुर्ग पर पहुंचते हैं। बुधवार को इसी दरवाजा के बंद होने कुछ यात्रियों ने दुर्गम मार्ग का सहारा लिया और हादसे का शिकार हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेला के दौरान इस दरवाजे को खोला जाना चाहिए। इससे आस्थावानों को राहत मिलेगी। वहीं इस संबंध में एसडीएम नरैनी अमित शुक्ला ने कहा कि सातवां फाटक बंद है। इससे भक्त सड़क मार्ग व कटरा मार्ग से पैदल दुर्ग तक पहुंच रहे हैं।

स्वास्थ्य कैंप में मिल रही दवाइयां
कतकी मेला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कैंप लगाया गया है। यहां पर बीमारों को निशुल्क उपचार दिया जा रहा है। कैंप में डॉ. रामप्रसाद त्यागी, डॉ. ऊषा अहिरवार सहित अन्य चिकित्सक तैनात है। चिकित्सकों ने बताया कि विभाग की ओर से बीमारों को तत्काल उपचार दिया जा रहा है। गंभीर मरीजों को सीएचसी भेजा जाता है।
-
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
मेला परिसर में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को छतरपुर के कलाकार मीरा भारती, रोशनी पटेल व अन्य स्थानीय कलाकारों ने बुंदेलखंडी लोकगीतों पर प्रस्तुति दी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग परिसर में मौजूद रहे।

फोटो - 11 कालिंजर दुर्ग का भ्रमण करते अन्य जनपदों से आए लोग। संवाद

फोटो - 11 कालिंजर दुर्ग का भ्रमण करते अन्य जनपदों से आए लोग। संवाद

फोटो - 11 कालिंजर दुर्ग का भ्रमण करते अन्य जनपदों से आए लोग। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें