बांदा। डेंगू और बुखार के मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। एक और डेंगू संभावित मरीज को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। प्लेटलेट्स घटने से उसकी हालत गंभीर थी। उधर, बुखार के लगभग 1600 मरीज चिह्नित किए गए हैं।
उधर, स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि रोस्टर के मुताबिक फागिंग कराई जा रही है। फिलहाल यह दावा सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रहा है। स्योढ़ा (गिरवां) निवासी सद्दू बख्श (62) कई दिनों से बुखार से ग्रसित था। प्राइवेट पैथोलॉजी में उसकी प्लेटलेट्स काफी कम पाई गई।
हालत गंभीर होने और डेंगू की आशंका पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। प्लेटलेट्स कम होने और लक्षण के आधार पर डाक्टर डेंगू की संभावना जता रहे हैं।
उधर, विशेष अभियान के तहत घर-घर चल रहे सर्वे में 578 टीमों ने बुखार के लगभग 1600 मरीज चिह्नित किए हैं। सभी की ब्लड स्लाइड (रक्त पट्टिका) बनाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रविवार को डेंगू व मलेरिया आदि का कोई रोगी नहीं मिला।
जिला मलेरिया अधिकारी पूजा अहिरवार ने बताया कि रोस्टर के मुताबिक रोजाना फागिंग कराई जा रही है। शहर में डीएम आवास, कालोनी, मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल परिसर में फागिंग कराई गई है।
इसके अलावा अलोना, मूंगुस, जखनी, महुआ आदि गांवों में भी फागिंग का दावा किया, लेकिन असलियत कुछ और है। मलेरिया अधिकारी का कहना है कि तय रोस्टर के आधार पर बस्तियों में भी फागिंग होगी।
एंटी लार्वा दवा का भी छिड़काव किया जा रहा है। हाउस होल्ड सर्वे में टीमें घरों में जाकर जलभराव व पात्रों की जांच कर रही हैं।
गंदगी व मच्छरों के प्रकोप से लोग परेशान
अतर्रा। डेंगू व वायरल बुखार के फैलने के बाद भी नगर पालिका गहरी नींद में है। गंदगी व मच्छरों के प्रकोप से लोग खासे परेशान हैं। हर घर में लोग सर्दी-जुकाम, खांसी व वायरल फीवर आदि रोगों की चपेट में हैं।
सिविल लाइन, नरैनी रोड, बजरंग नगर, दामू गंज, स्टेशन रोड, बदौसा रोड, भद्रकाली रोड, आजाद नगर सहित आदि मोहल्लों में गंदगी व नालियां मलबेे से बजबजा रही है। ऐसे में मच्छरों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। लोगों की रात की नींद व दिन चैन दोनों हराम है।
भुवनेश पांडेय, राजेश द्विवेदी, ब्रह्मदत्त शुक्ला, शिव गोपाल, मोहित गुप्ता, बासदेव चौरसिया आदि का कहना है कि जानकारी के बाद भी पालिका मौन धारण किए हुए है। शहर के किसी भी मोहल्ले में फागिंग नहीं कराई जा रही है। उन्होंने डीएम से संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए फागिंग व एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।