अतर्रा। गलत इलाज से मौत के बाद शव सड़क पर फेंक देने का आरोप प्राइवेट चिकित्सक पर लगाते हुए परिजनों ने शव नेशनल हाईवे पर रखकर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। क्षेत्राधिकारी आनंद पांडेय ने रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के महुटा गांव निवासी राजराम के बेटे बुद्धविलास तिवारी को बुधवार की रात परिजनों ने बुखार के इलाज को बदौसा रोड स्थित एक क्लीनिक में भर्ती कराया था। आरोप है कि यहां क्लीनिक संचालक/डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने विरोध किया तो आरोप है कि क्लीनिक वालों ने परिजनों से मारपीट की और शव नेशनल हाईवे पर फिंकवा दिया। इससे परिजन भड़क गए और नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। यहां उन्होंने इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा पर धमकाने व मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया।
तकरीबन एक घंटे चले जाम से दोनों तरफ से आवागमन बाधित रहा। सीओ ने जाम स्थल पहुंचकर परिजनों को समझाया। पिता की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया। तब परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता राजाराम ने बताया कि दी गई तहरीर में उसने पुत्र के गलत इलाज से मौत होने का हवाला दिया है। बुद्ध विलास अविवाहित और चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह सतना (मप्र) में प्राइवेट वाहन चलाकर जीवन-यापन करता था। उधर, इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई करने की बात कही।
-----------------
तमंचे समेत गिरफ्तार
अतर्रा। थानाध्यक्ष बिसंडा नरेंद्र प्रताप सिंह ने चेकिंग के दौरान रमेश यादव (बिलगांव) को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी टीम में एसआई सतवेंद्र सिंह भदौरिया, सिपाही ऋषि अग्निहोत्री, राहुल, सूर्यांश आदि शामिल रहे। (संवाद)
------------------
थ्रेसर से घायल
नरैनी। सीमावर्ती मध्य प्रदेश के नरदहा थाना धरमपुर (पन्ना) के रज्जू बृहस्पतिवार को खलिहान में थ्रेसर से गेहूं की फसल काटते समय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी नरैनी में भर्ती कराया गया है। (संवाद)
------------------
महिला की मौत
बांदा। जहरीला कीड़ा काटने से महिला की मौत हो गई। कालिंजर क्षेत्र के छतैनी पुरवा निवासी विनीता (33) बुधवार की सुबह 10 बजे भूसा निकाल रही थी, तभी जहरीले कीड़े ने काट लिया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात यहां मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। (संवाद)
----------------
दुष्कर्म की शिकार किशोरी के बयान
बांदा। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार किशोरी के बृहस्पतिवार को मजिस्ट्रेट की अदालत में विवेचक ने धारा 164 के बयान दर्ज कराए। बबेरू क्षेत्र के एक गांव में 3 अप्रैल की शाम 5.30 बजे किशोरी हैंडपंप पानी भरने गई थी। गांव के तीन युवक उसे जबरन पास में स्थित एक सूने घर में ले गए और दुष्कर्म किया। किशोरी ने घर जाकर पिता को बताया। पिता की सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने पूछताछ की और उन्हें थाने भेज दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। (संवाद)
-------------------
आरोपी गिरफ्तार
बांदा। गैरइरादतन हत्या का आरोपी रामरुचि यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर गांव में पिछले दिनों घर में घुसकर की गई मारपीट में सूरजदीन की मौत हो गई थी। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर पांच के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी। दो आरोपी फरार हैं। (संवाद)
------------------
पति पर हत्या की कोशिश का आरोप
बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कालोनी हरदौली घाट निवासी संपत ने पुलिस को तहरीर देकर पति पर अपनी और बच्चों की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को पकड़कर शांतिभंग में चालान कर दिया। संपत ने बताया कि नशे का आदी पति आए दिन मारपीट करता है। 6 अप्रैल को आधी रात नशे की हालत में उसने उसे और उसकी बेटी और बच्चों की हत्या की कोशिश की। शोर मचाने पर पुलिस आ गई और उसे ले गई। कोतवाली में रखने के बाद दूसरे दिन साधारण धारा में चालान कर दिया। संपत ने अपनी और बच्चों की सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की। (संवाद)