फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चरवाहों पर मौत बनकर टूटी बिजली

Sat, 18 Jun 2016 11:45 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। गर्मी से जूझ रहे लोगों को शनिवार को हुई बारिश ने राहत तो दी, लेकिन कुछ लोगों पर आफत बनकर टूटी। बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बाद गिरी बिजली से खेत में बकरियां चरा रहे महिला समेत दो की मौत हो गई। चार बकरियां भी झुलसकर मर गईं।
विज्ञापन

रिमझिम बारिश और हवा के झोंकों से मौसम ठंडा हो गया।

दो दिन पूर्व 45 डिग्री पर पहुंचा पारा अब 11 डिग्री गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। नरम हुए मौसम के चलते शनिवार को मौसम खुशनुमा हो गया। जिले में 4.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। शुक्रवार को कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। शनिवार को भी सुबह से तीखी धूप ने सताया, लेकिन दोपहर में अचानक आसमान में बादल घिर आए और तेज बारिश शुरू हो गई। शाम तक रिमझिम फुहारे गिरती रहीं। गर्मी से परेशान लोग फुहारों के बीच सड़कों पर निकले। खासकर बच्चे और युवा भीगकर बारिश का लुत्फ उठाया।

इस प्री-मानसून बारिश से मौसम के तीखे तेवर भी नरम पड़ गए। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक शुक्रवार को चार डिग्री पारा और कम हो गया। अधिकतम 38 से घटकर 34 और न्यूनतम 29 डिग्री से घटकर 27 डिग्री सेल्सियस हो गया। चित्रकूटधाम मंडल में शनिवार को 5.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा बारिश 10 मिलीमीटर महोबा जिले में हुई। बांदा में 4.6 मिमी और चित्रकूट में 4 मिमी और सबसे कम हमीरपुर जिले में 2.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।
विज्ञापन


यहां के जिला मुख्यालय में बूंदाबांदी हुई, लेकिन मौदहा व भरुवा सुमेरपुर की तरफ झमाझम पानी बरसा। इसी तरह मंडल मुख्यालय में अच्छी बारिश हुई। तिंदवारी और बबेरू तरफ मामूली बारिश से संतोष करना पड़ा। उधर, घने बादलों और गरज, चमक के साथ बिजली गिरने से दो चरवाहों की मौत हो गई। सात बकरियां भी मर गईं। शनिवार को दोपहर तिंदवारी थाना क्षेत्र के गोखरही गांव निवासी शंकर (45) पुत्र बरदानी बकरियां चराने खेत गया था। बारिश होने पर वह बकरियों के साथ पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई।

चार बकरियां भी मर गईं। आसपास मौजूद किसानों ने घटना की जानकारी घर वालों को दी। एक अन्य घटना में देहात कोतवाली क्षेत्र के छनेहरा लालपुर गांव निवासी मुन्नी (40) पत्नी रामदीन शनिवार को दोपहर खेत में बकरी चरा रही थी। पानी बरसने पर वह बकरियां लेकर जामुन के पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। तीन बकरियां ने भी दम तोड़ दिया।

 मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएस खां ने बताया कि पूर्वी व उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय चल रहे चक्रवात के चलते ही मंडल मुख्यालय समेत चारों जिलों में बादल आ रहे हैं और बारिश हो रही है। रविवार को भी बारिश की संभावना है। उधर, रिमझिम बारिश ने बिजली भी गुल कर दी। नगर समेत ग्रामीण इलाकों को घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। 15 जून के बाद हुई प्री-मानसून बारिश से नगर में सफाई की पोल भी खुल गई। पीडब्ल्यूडी, वाणिज्यकर आफिस, खाद्य सुरक्षा विभाग समेत कई दफ्तरों के परिसरों में पानी भर गया। स्वराज कालोनी में गली नंबर एक में लोग घुटनों तक पानी से होकर गुजरे।

रिमझिम बारिश खेती-किसानी के लिहाज से अच्छी है। खेतों में नमी आने से खरीफ की फसल के लिए जुताई का काम भी शुरू हो जाएगा। नदियों के किनारे सूख रहीं सब्जी की बारियों में भी हरियाली लौटेगी। मौसम खुलते ही खेतों की गहरी जुताई कराएं और धान की बेड़ डालने और चरी आदि बोने की तैयारी करें। - डॉ. मुलायम सिंह परिहार, कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी, बांदा

बांदा। बारिश होने पर नगर पालिका को चोक नालों की याद आई है। शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष और सफाई निरीक्षक ने नगर में नालों का निरीक्षण किया। कर्मचारियों को सफाई में तेजी लाने को कहा। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद जैन और सफाई निरीक्षक हरिशंकर निरंजन ने शहर के सेढ़ू तलैया, पंकज नाला, कालूकुआं, चमरौडी रोड नाला व निम्नीपार नाले का निरीक्षण किया। चेयरमैन ने अपनी मौजूदगी में कालूकुआं में बबेरू रोड पर नाले की सफाई कराई। उन्होंने दावा किया कि बारिश के पहले शहर के सभी नाले साफ कराए जाएंगे ताकि जल भराव की समस्या न हो। नाला सफाई प्रभारी कालूराम त्रिपाठी से कहा कि लापरवाह सफाई कर्मियों व सफाई नायकों की सूची बनाएं, ताकि उन पर कार्रवाई की जाए।

नाले में दो बालक डूबे
बांदा। बारिश में उफनाए नाले में दो बालक डूब गए। ग्रामीणों ने उन्हें बचाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शहर कोतवाली क्षेत्र के अरबई गांव निवासी रामहित (11) पुत्र कामता व सत्यम (10) पुत्र रामचंद्र आरख और पड़ोसी बच्चे शनिवार को दोपहर नाले में नहा रहे थे। बारिश से उफनाए नाले में नहाते समय रामहित और सत्यम डूब गए। ग्रामीणों ने घटनास्थल से कुछ दूर उन्हें बचा लिया। बेहोशी हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें