बांदा। शराब के नशे में युवक पड़ोसी के दरवाजे पर पड़ा मिला। वहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसियाें पर हत्या की आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के छोटा पुरवा कताई मिल के पास निवासी राजबहादुर यादव (45) शनिवार को सुबह अपने भाई रामआसरे की ससुराल शहर के सुकुल कुआं मोहल्ले में एक निमंत्रण में जाने के लिए घर से निकला था। देर शाम उसका शव गांव के पड़ोसी के घर के दरवाजे नशे की हालत में पड़ा मिला। पड़ोसियों ने इसकी सूचना उसके घर वालों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो उसे मृत पाया। छोटे भाई भागवत प्रसाद ने बताया कि राजबहादुर ईंट गारा का काम करता था। उसके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं।
पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। भागवत का आरोप है कि पड़ोसियों ने राजबहादुर को शराब पिलाकर हत्या कर दी है। उसका कहना है कि पड़ोसियों ने खेत को लेकर रंजिश चलती है। कई साल पहले पड़ोसियों से खेत की रंजिश को लेकर मुकदमा भी चल चुका है। जिसमें राजबहादुर पक्ष जीत गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर वह कार्रवाई करेंगे। उधर, शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि मृतक शराब के नशे का आदी था। परिजनों के आरोपों की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।