अतर्रा। दहेज में की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बहू को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसपर सदमे में आए पिता की मौत हो गई। पीड़िता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है।
कस्बा के मोहल्ला राजनगर निवासी पीड़िता सुरुचि की शादी चित्रकूट के मऊ गांव निवासी अमितेश बाजपेयी के साथ छह फरवरी 2023 को हुई थी। शादी में पिता रामानुज ने 10 लाख रुपये नगद व घरेलू सामान दिया था। पीड़िता सुरुचि का आरोप है कि शादी के दौरान ही पति अमितेश, ससुर बालकृष्ण, जेठ आशुतोष दहेज से संतुष्ट नही थे और अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग करते हुए भांवर की रस्म को रोक दी थी। बरात में मौजूद रिश्तेदारों के मान मनौवल और समझाने पर किसी तरह वैवाहिक कार्यक्रम पूरा कराया, और ससुराल पहुंचते ही पति, ससुर, जेठ के अलावा जेठानी नेहा व ननद वंदना दहेज की मांग करते हुए उसे मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि ससुरालियों को जब अतिरिक्त दहेज नहीं मिला तो उन सभी ने मिलकर 15 फरवरी 2023 को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद पिता रामानुज दीक्षित अवसाद में रहने लगे और 23 अक्तूबर 2023 को मृत्यु हो गई। कोतवाली पुलिस ने पति, ससुर, जेठ, जेठानी, ननद के खिलाफ दहेज प्रथा, शोषण करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दिया है।