कमासिन। सड़क पार करते समय बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। बाइक सवार दोनो घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के सांड़ी गांव निवासी देवीदयाल (30) पुत्र गौशाला यादव बुधवार की देर शाम अपने घर जा रहा था, तभी सड़क पार करते समय सामने से आ रहे बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। देवीदयाल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बाइक सवार नंदूपुर गांव निवासी रामरूप निषाद (28) और रिश्तेदार समगरा गांव निवासी मेड़ेलाल भी जख्मी हो गए। खबर पाकर मौके पर पहुंची दांदौ चौकी पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां पर डॉक्टर ने देवीदयाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल बाइक सवारों का उपचार सीएचसी में किया जा रहा है।