बांदा। शादी के पांच माह बाद ही युवती ने ससुराल में
खुद को जिंदा फूंक लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। उधर, मायके
वालों ने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
अतर्रा थाना
क्षेत्र के महुटा गांव निवासी रानी (20) पत्नी परदेसिया ने शुक्रवार की शाम
घर के कमरे में आग लगा ली। चीख सुनकर घर के बाहर बैठे ससुर गुलुवा व सास
लीला ने अंदर जाकर आग बुझाई और जिला अस्पताल पहुंचाया।
देर रात
उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम हाउस में पति ने बताया कि घटना के वक्त वह
ट्रैक्टर की धुलाई करने बागै नदी गया था। उधर, मृतका के भाई विनोद (बदौसा)
ने बताया कि रानी की शादी इसी वर्ष तीन जून को हुई थी।
पति अक्सर रानी को मारता-पीटता था। घटना वाले दिन भी चूल्हे की जलती लकड़ी से उसे मारा था। इसी से परेशान होकर उसने घटना कर ली।
भाई
ने यह भी बताया कि अस्पताल में मिलने आई मां से उसने बताया था कि पति
परदेसिया ने उसका मंगलसूत्र छीनकर गांव की एक लड़की को दे दिया। उससे
प्रेम-प्रसंग चलता है।
हालांकि मायके वाले के आरोपों को पति ने गलत
बताया। मृतका के पिता ने थाने में पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को
तहरीर दी है। उधर, थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम
रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
एक अन्य घटना में पैलानी
निवासी राजेंद्र (20) पुत्र इंद्रपाल शुक्रवार की रात सो रहा था। चारपाई के
नीचे तसले में रखी आग उसके कपड़ों में लग गई।
शोर मचाने पर बडे़
भाई जुगुलकिशोर (25) ने बमुश्किल आग बुझाई। बचाने में वह भी झुलस गया।
परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
पिता इंद्रपाल ने बताया कि राजेंद्र अहमदाबाद में मजदूरी करता है। शुक्रवार को सुबह ही वह गांव आया था।