बैलगाड़ी पर खेत जा रहा वृद्ध किसान हाइवे पर ट्रक की चपेट में आकर कुचल गया। उसकी मौैके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित किसानों ने मुआवजे की मांग लेकर सड़क जाम कर दी। लगभग एक घंटे बाद पुलिस जाम खत्म करा पाई। क्षतविक्षत शव को आनन-फानन हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव का राममनोहर (60) पुत्र गंगवा गुरुवार की सुबह बैलगाड़ी से खेत जा रहा था। महोखर के डाड़िन पुरवा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। राममनोहर उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसी बीच सामने से आ रहा दूसरा ट्रक उसे रौंदता हुआ निकल गया। वहीं से गुजर रही फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने भाग रहे ट्रक का पीछाकर पकड़ लिया और चालक को पुलिस को सौंप दिया।
इसी बीच घटना स्थल पर जमा हो गए मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने शव के पास ही बांदा-टांडा हाइवे पर जाम लगा दिया। उनकी मांग मुआवजा और स्पीड ब्रेकर की थी। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के पुत्र मनोज ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बैलगाड़ी के दोनों बैल भी जख्मी हो गए है।
मृतक राममनोहर 6 बीघा का काश्तकार था। तीन पुत्र व एक पुत्री है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि रौंदने वाले चालक के विरुद्ध मृतक किसान के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक को जेल भेजा जा रहा है। बैलगाड़ी को ठोकर मारने वाला दूसरा ट्रक भाग निकला। उसका कुछ पता नहीं चला। पकड़े गए चालक का नाम राकेश पांडेय (सिद्धार्थ नगर) है।