नरैनी। बैलगाड़ी से टकराकर टेंपो सड़क किनारे खंती
में पलट गया। इसमें एक यात्री की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
अतर्रा-नरैनी मार्ग पर
शुक्रवार को सुबह अतर्रा की ओर से आ रही टेंपो सीता समर्पण महाविद्यालय के
पास बैलगाड़ी से टकराकर खंती में पलट गया। इससे यात्री टेंपो के नीचे दब
गए।
यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आए राहगीरों ने टेंपो सीधी कर
घायलों को बाहर निकाला। टेंपो सवार राममिलन (47) की घटनास्थल पर ही मौत हो
गई।
मोहनी (20) पुत्री बाबूलाल, विजय लक्ष्मी (40) पत्नी राजकरन,
तुलसा (35) पत्नी रामदास, पतिया (20) पत्नी कल्याण, शौखीलाल (65) (सभी
निवासी बरसड़ा मानपुर) घायल हो गए।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस
ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेेज दिया। घायल मोहनी ने बताया कि
हम लोग बिसंडा क्षेत्र के अकोना गांव में तेरहवीं निमंत्रण में गए थे।
वापस लौटते समय तेज रफ्तार टेंपो भिड़ने से घटना हुई।