पोस्टमार्टम हाउस में मृतक की मां को सांत्वना देते परिजन। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
गांव के पुलिस चौकीदार के पुत्र को शुक्रवार सुबह घात लगाए बैठे पड़ोसी ने तमंचे से गोली मार दी। गोली युवक के सिर पर लगी, जिला अस्पताल से कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक हमलावर दबंग है। घटना के पीछे दरवाजे से निकलने को लेकर एक दिन पूर्व हुआ विवाद बताया जा रहा है। आरोपी घर में ताला जड़कर फरार हो गया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के नाहर पुरवा गांव में पुलिस विभाग के चौकीदार रामबाबू यादव का 20 वर्षीय पुत्र सोहन लाल चाचा पुरुषोत्तम के साथ बाइक से अतर्रा डीजल लेने जा रहा था। गांव के मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी युवक ने बाइक रोककर सोहन के सिर में तमंचे से गोली मार दी। सोहन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। हमलावर फरार हो गया। चाचा पुरुषोत्तम ने परिजनों को सूचना दी और सोहन को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से गंभीर हालत में उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर लाते समय चौडगरा (फतेहपुर) गांव के पास उसकी मौत हो गई।
पिता के मुताबिक घटना में हमलावर की पत्नी भी शामिल है। बताया कि एक दिन पूर्व गुुरुवार की शाम सोहन का चाचा मुन्ना लाल (25) हमलावर के दरवाजे से निकलकर खेत जा रहा था। उसको भी रोककर पत्थर मारकर लहूलुहान कर दिया था। थाने में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। आरोप लगाया कि पुलिस अगर शिकायत पर कार्रवाई करती तो उसके पुत्र के साथ ऐसी घटना न होती। घटना के बाद से आरोपी फरार हो गया। उसके घर में ताला पड़ा है। परिजन भी नदारद हैं। उधर, थाना प्रभारी आरके पटेल का कहना है कि फिलहाल घटना की वजह पता नहीं चल पाई है। मृतक के परिजनों ने भी अभी कोई तहरीर नहीं दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।