पड़ोसी द्वारा घर में घुसकर की गई फायरिंग से पिता को बचाने आई 16 वर्षीय बेटी घायल हो गई। गोली उसके बाएं पैर में लगी। उधर, आरोपी ने मौके पर पहुंची पुलिस पर भी फायरिंग की। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाकर पड़ोसी को उसकी लाइसेंसी बंदूक समेत दबोच लिया। वह ग्राम प्रधान का चाचा बताया गया है।
घटना थाना क्षेत्र के बल्लान गांव की है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे भंजन सिंह पुत्र रामसजीवन अपनी दोनाली लाइसेंसी बंदूक लेकर पड़ोसी नरेंद्र सिंह के घर में घुस गया और नरेंद्र सिंह पर फायर झोंक दिया। नरेंद्र की 16 वर्षीय पुत्री खुशी पिता के बचाव में सामने आ गई। गोली खुशी के बाएं पैर में जा लगी। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। इस बीच परिजनों के आ जाने पर भंजन सिंह भागकर अपने मकान की छत पर चढ़ गया। वहां से कई फायर किए।
खबर पाकर पहुंची यूपी-100 पुलिस के कांस्टेबल सुनील कुमार पर भी फायरिंग की। कुछ ही देर बाद इंस्पेक्टर दिनेश सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक भंजन सिंह ने पुलिस पार्टी पर भी फायरिंग शुरू कर दी। इंस्पेक्टर और कांस्टेबलों ने इधर-उधर भागकर खुद को बचाया। इसी बीच भंजन सिंह छत से खेत की तरफ कूद गया और जंगल की ओर भागा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
उधर, घायल खुशी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वह 10वीं की छात्रा है। इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि आरोपी ने लगभग 17 राउंड गोलियां चलाईं। कारतूसों के खोखे पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि नरेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। साथ ही पुलिस पर फायरिंग करने के जुर्म में इंस्पेक्टर ने आरोपी भंजन सिंह के विरुद्ध धारा 307, 504, 506 आईपीसी और 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की है। उसकी लाइसेंसी बंदूक पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
बेटे की मौत का बदला लेने का था जुनून
फायरिंग के आरोपी भंजन सिंह ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी को लेकर उसके पुत्रों से कुछ दिन पहले पड़ोसी नरेंद्र की कहासुनी हो गई थी। आरोप लगाया कि उन्हीं दिनों नरेंद्र सिंह ने उसके छोटे बेटे मनोज की हत्या कर शव बबूल के पेड़ में टांग दिया, ताकि आत्महत्या का मामला समझा जाए। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। भंजन सिंह के मुताबिक इसी का बदला लेने के लिए वह नरेंद्र सिंह को मारने उसके घर पहुंचा था।
तीन बार जा चुका है जेल
थाना इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि आरोपी भंजन सिंह को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। उसे पुलिस धारा 151 में तीन बार जेल भेज चुकी है। हाल ही में वह जेल से छूटकर आया है। पुलिस के मुताबिक वह अक्सर गांव में उपद्रव और दहशत पैदा करता है। सोमवार को भी उसकी अंधाधुंध फायरिंग से गांव के लोग सहमे और खौफजदा रहे। उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।