तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर गांव के पास वैगनआर सवार चार लुटेरों ने ट्रक चालक को पीट कर लूटपाट की थी। मामले में पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक परास्नातक छात्र है। पुलिस ने लूटे गए 9300 रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर समेत दो तमंचे बरामद किए हैं।
गुरुवार को पुलिस लाइन में एसपी राकेश शंकर ने मीडिया को बताया कि फतेहपुर जनपद के अरबपुर निवासी ट्रक चालक प्रभु दयाल ने तिंदवारी थाने में बुधवार को सूचना दी थी कि चार लोगों ने मारपीट कर उससे 9300 रुपये, मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस आदि लूट लिए। पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बृहस्पतिवार को तिंदवारी थानाध्यक्ष एके सिंह, एसआई उपेंद्र प्रताप व दिनेश पांडेय ने दोपहर को सुनरही गांव की पुलिया के पास प्रमोद कुमार यादव पुत्र राम सिंह (आधारपुर, फतेहपुर), रमेशचंद्र यादव पुत्र जगरूप (मदारीपुरकलां, फतेहपुर) और लवकुश यादव पुत्र फूल सिंह (दौलतपुर, फतेहपुर) को वैगनआर कार समेत पकड़ लिया।
वैगनआर प्रमोद की बताई गई है। उनके पास से लूट के रुपये, सामान और 12 बोर के दो तमंचे बरामद हुए हैं। चौथा आरोपी अभिमन्यु यादव (फरगदेह, फतेहपुर) फरार हो गया। गिरफ्तार किए गए लवकुश ने पुलिस को बताया कि इसके पहले भी वह ऐसी दो घटनाएं कर चुके हैं।
पहली लूट में 14000 और दूसरी लूट में 7000 रुपये हाथ आए थे। लुटेरों ने बताया कि खर्च में कमी आती है तो चारों मिलकर लूट का प्लान बनाते हैं। पुलिस के मुताबिक चारों बुधवार को वैगनआर कार से चित्रकूट जा रहे थे। रास्ते में खर्च की जरूरत पर ट्रक चालक को लूट लिया।
पकड़े गए आरोपी रमेश सिंह ने बताया कि वह फतेहपुर डिग्री कालेज में एमए राजनीति का छात्र है। पुलिस भर्ती की परीक्षा भी दी है।