खेत की रखवाली करने गए किशोर का शव मेड़ पर लगे पेड़ में फांसी पर टंगा मिला। पुलिस और परिजन प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रहे हैं। दूसरी घटना में युवती ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों ही घटनाओं की वजह पता नहीं चल सकी।
पैलानी थाना क्षेत्र के सिंधन खुर्द गांव निवासी रामदीन निषाद का पुत्र सुमित (14) गुरुवार की रात अन्ना मवेशियों से फसल की रखवाली के लिए खेत गया था। शुक्रवार को सुबह उसका शव खेत की मेड़ में लगे नीम के पेड़ में रस्सी से फंदे में टंगा मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। भाई अमित व चाचा रामलखन ने बताया कि बटाई में जमीन लेकर खेतीबाड़ी करते हैं।
सुमित ने स्कूल में नहीं पढ़ा था। खेती में हाथ बंटाता था। तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। अमित ने बताया कि गुरुवार को हम लोग चित्रकूट चले गए थे। इसलिए सुमित खेत ताकने गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
दूसरी घटना में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव में रीना (30) पत्नी दिनेश ने गुरुवार को दोपहर ससुराल में रस्सी से फांसी लगा ली। उसकी वहीं मौत हो गई। पिता रामबली सिंह भदौरिया (फवई, फतेहपुर) व देवर मनोज ने शव टंगा देखा तो पुलिस को सूचना दी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
देवर मनोज ने बताया कि घटना के समय पति दिनेश किसी काम से बबेरू गया था। सास प्रेमा पानी भरने गई थी। 6 वर्षीय पुत्री शिवानी स्कूल में थी। इसी बीच रीना ने फांसी लगा ली। देवर ने यह भी बताया कि रीना अपने सिर में दर्द बताकर अस्पताल में दिखाने के लिए पति से कहा था। पिता ने बताया कि 7 साल पूर्व शादी हुई थी। दो दिन पूर्व रीना ने उसे फोन करके बुलाया था।