रुकनाबाद गांव में खनन देखने पहुंचे उपजिलाधिकारी। अमर उजाला
बांदा/बदौसा। अवैध बालू खनन में छह ट्रैक्टर सीज किए जाने के बाद इसमें चौकी पुलिस की संलिप्त होने की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी व हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। फतेहगंज क्षेत्र में बागै नदी पर काफी दिनों से अवैध बालू खनन चल रहा था। बीहड़ क्षेत्र में महुटा पुलिस चौकी द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी अतर्रा थाने में दी।
थानाध्यक्ष केशव प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने मंगलवार की रात महुटा चौकी पुलिस को सूचना दिए बगैर पुलिस बल के साथ बागै नदी घाट के रास्ते पर बालू भरे छह ट्रैक्टर पकड़कर सीज कर दिए। आईपीसी की धारा 379, 411 व लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने महुटा चौकी इंचार्ज अयोध्या प्रसाद प्रजापति और हेड कांस्टेबल गुलाब मिश्रा को निलंबित कर दिया है।