लूट के आरोपी को मीडिया के सामने पेश करतीं एसपी शालिनी।
- फोटो : अमर उजाला
बैंक से कैश निकालकर जा रहे देवर-भाभी से दिनदहाडे़ 1.10 लाख रुपये लूट के आरोपियों को पांच दिनों बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास 84 हजार रुपये और एक तमंचा व कारतूस और दो बाइक व मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पकड़े गए युवकों में तीन सगे भाई भी हैं। उनका कहना है कि उन्हें चुनावी रंजिश के तहत फंसवाया गया है।
दुर्गापुर गांव निवासी विजय बहादुर और उसकी भाभी हीरामनी दिन में करीब 11:30 बजे बैंक से कैश निकालने के बाद बैग में रख लिया और साइकिल से वापस गांव जा रहे थे। बैंक से कुछ दूरी पर ही खुरहंड रोड पर बाइक पर आए दो युवकों ने रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए थे। एसपी शालिनी भी मौके पर पहुंचीं थीं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों से सुराग तलाश रही थी।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी शालिनी ने पकड़े गए लुटेरों को मीडिया के सामने बपर्दा पेश किया। बताया कि सोमवार को गिरवां थाना पुलिस ने छिबांव मोड़ के पास से दो बाइकों पर सवार चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूट के 84 हजार रुपये, दो बाइक, तीन मोबाइल फोन और एक 315 बोर का तमंचा व तीन कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों में तीन सगे भाई पंकज उर्फ छोटकू, विनय उर्फ बउवा और शिव प्रसाद पुत्रगण प्रभुदयाल तथा राजेंद्र पुत्र मुन्ना शामिल हैं। यह चारों कमासिन के रहने वाले हैं। एसपी के मुताबिक लूट इन्होंने ने ही की थी।
उधर, पकड़े गए पंकज और शिव प्रसाद ने बताया कि उनकी सीमेंट, सरिया और चाय की दुकान है। सामान लेने वह बबेरू जा रहे थे। तभी पुलिस उन्हें पूछताछ के नाम पर ले आई। बउवा और राजेंद्र ने बताया कि वह कर्वी गए थे। वहां से उन्हें पकड़ लाया गया है। आरोप लगाया कि उन्हें चुनावी रंजिश में किसी के कहने पर फंसाया जा रहा है।