चोरी की जानकारी देता किराना व्यवसायी प्रेम प्रकाश गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। चोरों ने एक ही रात तीन मकान और तीन दुकानों को निशाना बनाते हुए नगदी समेत पांच लाख रुपये का माल पार कर दिया। चौकी पुलिस निरीक्षण की रस्म अदायगी कर लौट गई। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मटौंध थाना क्षेत्र के बंशी पुरवा गांव में चोरों ने धावा बोलते हुए सुशील पाल के यहां पीछे की दीवार फांद कर चोर मकान के अंदर दाखिल हो गए। ताले तोड़कर बक्सों में रखे 10 हजार रुपये नगद समेत डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवर उठा ले गए। चोरों ने अगला निशाना बलवान सिंह के मकान को बनाया। यहां भी चोर दीवार फांदकर मकान के अंदर आए और बक्सों आदि के ताले तोड़कर पांच हजार रुपये समेत एक लाख रुपये के जेवर चोर ले उड़े। कुछ दूर पर सुरेंद्र सिंह के मकान से भी चोरों ने 10 हजार रुपये व एक लाख रुपये के जेवर पार कर दिए।
इसके बाद चोरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भूरागढ़ गांव में तीन दुकानों को निशाना बनाया। प्रेम प्रकाश गुप्ता की दुकान का शटर तोड़कर चोर अंदर दाखिल हो गए। गोलक में रखे 60 हजार रुपये समेत दुकान में रखा व्यापारी का कीमती मोबाइल फोन चोरों ने पार कर दिया। कुछ ही दूरी पर स्थित छोटी बाजार निवासी गल्ला व्यापारी राजेंद्र गुप्ता की दुकान का शटर तोड़कर चोर 10 हजार रुपये उठा ले गए। सड़क किनारे स्थित लवकुश गौतम की गुमटी का ताला तोड़कर चोरों ने 10 हजार नगद ले उड़े। सुबह जागने पर सभी को घटना की जानकारी हुई। खबर पाकर यूपी-100 व चौकी पुलिस पहुंच गई।
काफी दिनों से सक्रिय है चोरों का गैंग
बांदा। मटौंध थाना क्षेत्र में काफी दिनों से चोरों का गैंग सक्रिय है। 24 घंटे पूर्व सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने डेढ़ लाख रुपये का माल पार कर दिया। इसके पहले नवीन मंडी के पास दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने साढ़े तीन लाख रुपये की चोरी कर ली। इसके अलावा त्रिवेणी तिराहे पर जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए चोरों ने नगदी समेत ढाई लाख रुपये कीमत का सामान पार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यूपी-100 के सिपाही सिर्फ हूटर बजाते हुए निकल जाते हैं। थाना और चौकी पुलिस के सिपाही गिट्टी भरे ट्रकों की वसूली में जुटे रहते हैं। पुलिस गश्त न होने से क्षेत्र में चोरों का गैंग सक्रिय है।