बालू खदान में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश की सरहद पर स्थित बांदा जिले के गिरवां थानांतर्गत कोलावल रायपुर की बालू खदान में बुधवार को दोपहर बाद बालू ठेकेदार और मध्य प्रदेश के बालू माफियाओं के बीच जवाबी गोलीबारी हो गई। लगभग एक घंटे में 25-30 राउंड गोलियां चलीं।
मध्य प्रदेश की ओर से गोलियां चलाने वालों में एक व्यक्ति घायल हो गया। वह वहां के विधायक का पूर्व प्रतिनिधि बताया गया है। इस बीच खदान में काम कर रहे लगभग दो सैकड़ा मजदूरों ने नदी की चट्टानों के बीच छिपकर जान बचाई। बाद में पहुंची पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। फायरिंग करने वाले फरार हो गए। कोलावल खदान के ठेकेदार ने गद्दी से कैश लूटने का आरोप भी लगाया है। देर रात तक पुलिस मौके पर जांच पड़ताल कर रही थी।
कोलावल रायरपुर खदान में बुधवार को दोपहर करीब दो बजे सीमावर्ती मध्य प्रदेश (छतरपुर) के कथित बालू माफिया पहुंच गए। उनके साथ गौरिहार (छतरपुर) के तहसीलदार और लेखपाल आदि भी थे। खदान की पैमाइश कराने की बात कही। खदान ठेकेदार के मुनीम ने विरोध किया तो माफियाओं के गुर्गों ने ठेकेदार की पोकलैंड मशीन के चालक पर बंदूक तान दी। उसे अपनी सीमा में ले गए। इसी बीच दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक लगभग 25-30 राउंड गोलियां चली। सूत्रों के मुताबिक गोलीबारी में छतरपुर जनपद के गोयरा थानांतर्गत कंधैला गांव का रुद्र प्रताप पटेल घायल हो गया। उसकी जांघ में गोली लगी। वह एमपी के विधायक का पूर्व प्रतिनिधि बताया गया है। गोयरा थाना पुलिस ने उसे छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। कोलावल ठेकेदार ने आरोप लगाया कि खदान की गद्दी में धावा बोलकर कैश लूटने की कोशिश की। अभिलेख तितर-बितर कर दिए।
फायरिंग की खबर मिलते ही बांदा के गिरवां और मध्य प्रदेश के सरबई तथा गोयरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच फायरिंग से सहमे खदान में काम कर रहे लगभग दो सैकड़ा मजदूर नदी की चट्टानों में छिपे हुए थे। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। गिरवां थानाध्यक्ष नीरज यादव और खत्रीपहाड़ चौकी प्रभारी अरविंद मिश्रा राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। वह देर रात तक वहां मौजूद रहे। पुलिस को देख फायरिंग करने वाले फरार हो गए। देर रात गिरवां थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के आपसी विवाद में फायरिंग हुई है। वह मौके पर हैं और जांच कर रहे हैं। उसी के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बिखरा पड़ा सामान।