प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में घटिया निर्माण करने पर दो बड़ी कांस्ट्रक्शन (ठेका कंपनी) को दो वर्षों के लिए डिबार (पृथक) कर दिया गया है। इनमें से एक कंपनी एटा और दूसरी फिरोजाबाद की है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बांदा-बहराइच मार्ग पर दोहतरा से बरेठी कलां सड़क का निर्माण मेसर्स आरएस एंड कंस्ट्रक्शन, आगरा रोड चुंगी, एटा ने कराया था। वर्ष 2011 में इस सड़क का निरीक्षण किया गया तो काम असंतोषजनक श्रेणी का पाया गया।
मुख्य अभियंता (पश्चिमी) ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने भी अपनी सत्यापन रिपोर्ट में निर्माण को असंतोष जनक बताते हुए सुधार के निर्देश दिए थे। अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, पीआईयू-द्वितीय, बांदा ने ठेका कंपनी को नोटिस जारी किया। इसके बाद भी काम में सुधार नहीं किया गया।
इस पर अधिशासी अभियंता की रिपोर्ट के बाद ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, उत्तर प्रदेश के मुख्य अभियंता एके गर्ग ने उपरोक्त ठेका कंपनी को शर्तों के उल्लंघन का आरोपी मानते हुए ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग में सभी कार्यों से 31 दिसंबर 2016 तक के लिए पृथक (डिबार) कर दिया है।
इसी तरह मेसर्स एमएस कांस्ट्रक्शन, शिकोहाबाद, एटा रोड जसराना, फिरोजाबाद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बांदा में कालिंजर-बघेलाबारी रोड से कल्याणपुर से संग्रामपुर सड़क का निर्माण कराया था। मुख्य अभियंता ने इसका एटीआर सत्यापन कराया। इसमें काम असंतोषजनक पाया गया।
कंपनी को इसे सुधारने के निर्देश दिए गए। एक्सईएन ने नोटिस जारी की, लेकिन फिर भी काम में सुधार नहीं किया गया। इस पर मुख्य अभियंता ने एमएस कांस्ट्रक्शन कंपनी को भी अपने विभाग में सभी कामों से 31 दिसंबर 2016 तक डिबार कर दिया है। यह जानकारी यहां अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई, पीआईयू-द्वितीय राजकुमार वर्मा ने दी।